गौतम के बाद जजपा भी पहुंची स्पीकर की कोर्ट में
चंडीगढ़, 4 फरवरी (ट्रिन्यू)
हरियाणा विधानसभा के अंदर नारनौंद से जननायक जनता पार्टी (जजपा) विधायक रामकुमार गौतम के वायरल वीडियो पर स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता के समक्ष एक और शिकायत दर्ज कराई गई है। पहले खुद गौतम ने इसे विशेषाधिकार हनन का मामला बताते हुए स्पीकर को लिखित में शिकायत दी थी। अब जजपा की ओर से पार्टी के चीफ व्हिप और विधायक अमरजीत सिंह ढांडा ने स्पीकर को शिकायत दी है। जजपा ने अपनी शिकायत में सीधे तौर पर सवाल उठाया है कि विधानसभा में सदन के अंदर कैसे वीडियो बन सकता है।
दरअसल, विधायकों की रेस्ट लॉबी को भी सदन का ही हिस्सा माना जाता है। इस जगह पर विधायकों के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री तक संभव नहीं है। जजपा ने इस वायरल वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि यह विशेषाधिकार हनन का मामला है और इसकी जांच करके कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। बहरहाल, स्पीकर ने शिकायत को रिकार्ड पर ले लिया है। इससे पहले विधायक गौतम द्वारा दी गई शिकायत की वे पहले ही जांच के आदेश दे चुके हैं। माना जा रहा है कि अब दोनों शिकायतों की एक साथ जांच होगी। बहुत संभव है कि स्पीकर इस पूरे मामले को विधानसभा की विशेषाधिकार हनन कमेटी को सौंप दें। यहां बता दें कि यह वीडियो वायरल होने के बाद जजपा अपने ही विधायक को अनुशासनहीनता के मामले में कारण बताओ नोटिस दे चुकी है।
गौतम को दो सप्ताह में नोटिस देने को कहा गया था। यह अवधि भी पूरी होने को है लेकिन अब दोनों ही पक्षों की ओर से स्पीकर को शिकायत किए जाने के बाद पार्टी स्तर पर मामला लटक सकता है। पार्टी चीफ व्हिप ने शिकायत में कहा है कि वीडियो वायरल होने की घटना से विधानसभा की सुरक्षा पर भी सवाल उठे हैं। सदन के भीतर की गोपनीयता भंग हुई है।
सदन के एंट्री गेट के बाहर भी बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहता है। लोकसभा और विधानसभा की सीटों में अनुसूचित जाति के आरक्षण को 10 वर्षों के लिए बढ़ाए जाने वाले कानून को पास करने के लिए 20 जनवरी को विशेष सत्र का आयोजन हुआ था। इसके बाद 21 व 22 जनवरी को विधायकों का ट्रेनिंग कार्यक्रम था। इसी दौरान गौतम का वीडियो बना और सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में गौतम के साथ भाजपा के कई मंत्री और विधायक भी दिखाई दे रहे हैं।
गौतम ने उपमुख्यमंत्री पर उठाये हैं सवाल
वीडियो में रामकुमार गौतम पार्टी नेता और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला के प्रति नकारात्मक टिप्पणी करते हुए सुनाई व दिखाई दे रहे हैं। गौतम ने वीडियो में किसी का नाम लिए बिना कहा, रिश्तेदारी के कारण मेरा नंबर नहीं लगा। यानी वे कैबिनेट में शामिल नहीं हो सके। दुष्यंत पर टिप्पणी करते हुए अमिताभ बच्चन की फिल्म का उदाहरण देकर कहा गया है कि अकेला दस-दस विभाग ले रहा है। ये तो वही हाल हुआ कि खावे गौरी का यार बलम तरसे। हमने पार्टी बनाई, हमने पार्टी खड़ी की और आज हम ही किनारे लगा रखे हैं।
“जजपा के चीफ व्हिप अमरजीत सिंह ढांडा ने वायरल वीडियो को लेकर शिकायत की है। इससे पूर्व नारनौंद विधायक रामकुमार गौतम भी इस मामले में शिकायत कर चुके हैं। दोनों शिकायतों का अध्ययन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले की गहराई से जांच होगी। अगर जरूरी हुआ तो इस मामले को विशेषाधिकार हनन कमेटी को भी सौंपा जा सकता है।”
-ज्ञानचंद गुप्ता, विधानसभा अध्यक्ष
The post गौतम के बाद जजपा भी पहुंची स्पीकर की कोर्ट में appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/396BsgB
via Latest News in Hindi
0 Comments