रविदास धाम का श्रेय ले रहे जजपा नेता
चंडीगढ़, 8 फरवरी (ट्रिन्यू)
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में संत रविदास का भव्य धाम बनाने के फैसले का श्रेय जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने लेना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कुरुक्षेत्र में 5 एकड़ भूमि पर भव्य धाम बनाने का ऐलान किया था। शनिवार को जजपा के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर इसे खूब भुनाया। यही नहीं, पार्टी के कई विधायकों ने भी कहा है कि जजपा ने अपने बड़े चुनावी वादे को पूरा किया है।
इन नेताओं ने गठबंधन सरकार का इस फैसले के लिए धन्यवाद भी किया है। बेशक, भाजपा ने भी महापुरुषों के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए उनके धाम बनाने का ऐलान किया था, लेकिन जजपा ने विधानसभा चुनाव के अपने चुनावी घोषण-पत्र में कुरुक्षेत्र में भव्य रविदास मंदिर बनाने का वादा किया था। यह मंदिर विश्व का सबसे बड़ा संत रविदास मंदिर होगा।
भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के इस फैसले का जजपा नेताओं ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का आभार जताया है। गुहला से जजपा विधायक ईश्वर सिंह ने कहा कि महान संत की स्मृति में मंदिर बनाने का फैसला ऐतिहासिक है। गठबंधन सरकार में राज्यमंत्री अनूप धानक ने कहा कि जजपा ने जनसेवा-पत्र (घोषणा-पत्र) में यह वादा किया था। नरवाना से जजपा विधायक रामनिवास वाल्मीकि ने कहा कि जिस तरह से जननायक चौ़ देवीलाल छत्तीस बिरादरी के लोगों को एक साथ लेकर चलते थे, उसी तरह प्रदेश की गठबंधन सरकार और दुष्यंत चौटाला भी प्रदेश में छत्तीस बिरादरी का एक सम्मान विकास कर रहे हैं।
शाहाबाद से जजपा विधायक रामकरण काला ने कहा कि जिस भव्य मंदिर का निर्माण होगा वो उनके गृह जिले धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में हो रहा है। जजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष अशोक शेरवाल और रविदास तख्त हरियाणा के प्रधान एवं जजपा एससी सेल के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रीतम कौलेखां ने कहा कि दुष्यंत ने विधानसभा चुनाव में संत रविदास जी का बड़ा मंदिर बनाने का वादा किया था। अब गठबंधन सरकार द्वारा यह वादा पूरा किया जा रहा है।
संत की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक : खट्टर
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने गुरु संत रविदास जयंती पर कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। ऐसी महान हस्तियों के उपदेश व उनके जीवन से सभी को सीख लेते हुए सामाजिक समरसता के लिए कार्य करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जैसी महान हस्तियों ने अपने उपदेशों से समाज में रूढ़िवादी सोच और अज्ञानता को खत्म कर एकता व भाईचारे का संदेश दिया था। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे गुरु रविदास द्वारा दिए गए उपदेशों को अपनाते हुए समाज हित में कार्य करें। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी द्वारा प्रचारित समानता और आध्यात्मिक एकता की शिक्षाएँ हमारे लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत हैं और इन शिक्षाओं को और आगे ले जाने के लिए, राज्य सरकार ने जिला कुरुक्षेत्र में 5 एकड़ से अधिक भूमि पर गुरु रविदास धाम के निर्माण का निर्णय लिया है, ताकि लोग महान व्यक्तित्व के जीवन से प्रेरणा ले सकते हैं।
The post रविदास धाम का श्रेय ले रहे जजपा नेता appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/38caZ19
via Latest News in Hindi
0 Comments