शांति मार्च में ‘गोली मारो…’ के नारे
दिल्ली में शनिवार को जंतर-मंतर से निकाले गये शांति मार्च में बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग। -प्रेट्र
नयी दिल्ली, 29 फरवरी (एजेंसी)
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई सांप्रदायिक हिंसा के खिलाफ शनिवार को जंतर-मंतर से निकाले गये शांति मार्च के दौरान ‘गोली मारो गद्दारों को’ के नारे भी लगाए गये। ‘जिहादी आतंकवाद’ के खिलाफ इस मार्च में हिंसा का शिकार बने कुछ परिवारों और भड़काऊ भाषण देने के आरोपों में घिरे भाजपा नेता कपिल मिश्रा भी शामिल हुए। मिश्रा ने न तो नारेबाजी की और न ही सभा को संबोधित किया, हालांकि उन्होंने एक ट्वीट पोस्ट कर लोगों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा था।
जंतर-मंतर से संसद मार्ग थाने तक इस मार्च का आयोजन एनजीओ ‘दिल्ली पीस फोरम’ ने किया। जंतर-मंतर पर सैकड़ों की संख्या में जुटे लोगों के हाथ में तिरंगा था और हवा में ‘जय श्री राम’, ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंज रहे थे। मार्च के आयोजकों ने हिंसा के दौरान मारे गए हेड कांस्टेबल रतन लाल और आईबी के कर्मचारी अंकित शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। जब मार्च कनॉट प्लेस से गुजरा, तो कुछ लोगों ने ‘देश के गद्दारों को गोली मारो…’ के नारे लगाये। हिंसा के पीड़ितों ने आपबीती भी सुनाई। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने बताया कि दंगों में 167 एफआईआर दर्ज की गई हैं, 885 लोग गिरफ्तार व हिरासत में लिए गये हैं।
दिल्ली मेट्रो में भी नारेबाजी
दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर एक ट्रेन में और राजीव चौक स्टेशन पर शनिवार को कुछ युवाओं ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में नारे लगाए। उन्होंने ‘देश के गद्दारों को, गोली मारो…’ नारा भी लगाया। भगवा रंग की टी-शर्ट और कुर्ते पहने 5-6 व्यक्तियों ने उस समय नारे लगाने शुरू कर दिए, जब ट्रेन स्टेशन पर रुकने ही वाली थी। ट्रेन से उतरने के बाद भी इन लोगों ने नारे लगाए। सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में स्कूल 7 मार्च तक बंद : उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा के मद्देनजर 7 मार्च तक स्कूल बंद रहेंगे। शिक्षा निदेशालय ने शनिवार को यह घोषणा की। सीबीएसई ने हालांकि स्पष्ट किया कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं तय कार्यक्रम के मुताबिक 2 मार्च से होंगी। इस बीच, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हिंसा के मामलों की जांच के लिए तथ्यान्वेषी दल का गठन कर दिया है। वहीं, अल्पसंख्यक आयोग ने लोगों से बातचीत की।
एसएन श्रीवास्तव बने पुलिस आयुक्त
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एसएन श्रीवास्तव दिल्ली के नये पुलिस आयुक्त बन गये हैं। उन्होंने शनिवार को सेवानिवृत्त हुए अमूल्य पटनायक की जगह ली है। पटनायक का पिछले कुछ महीने का कार्यकाल आरोपों में घिरा रहा। उन पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सांप्रदायिक हिंसा पर लगाम नहीं कस पाने, जामिया और जेएनयू जैसे मामलों में ‘अकुशलता’ से निपटने और पुलिस बल का मनोबल कम करने जैसे आरोप लगे। पुलिसकर्मियों के अधिकारों पर दृढ़ रुख नहीं अपनाने के लिए उनके खिलाफ उनके बल के लोगों ने ही प्रदर्शन किए। 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी पटनायक 31 जनवरी 2017 को पुलिस आयुक्त बने थे और संभवत: सबसे लंबे समय तक इस पद पर बने रहे।
The post शांति मार्च में ‘गोली मारो…’ के नारे appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2I8c0fj
via Latest News in Hindi
0 Comments