पंचकूला में मंगलवार को जीत की खुशी का जश्न मनाते आप नेता।

पंचकूला, 11 फरवरी (ट्रिन्यू)
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत पर ट्राईसिटी में भी आप कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली के वोटरों ने धर्म की राजनीति को त्याग कर विकास के मुद्दे पर वोट किया है। वहीं अंबाला लोकसभा एवं जिला पंचकूला के अध्यक्ष योगेश्वर शर्मा ने कहा कि आप ने जीत का रिकार्ड कायम रखा है। ऐसे में यह बात भी साबित हो गई है कि लोग काम पर वोट देते हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत उन लोगों का जवाब है। जिन्होंने दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली का आपसी भाईचारा खराब करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पद से इस्तीफा देना चाहिये। उन्होंने कहा कि अब आप पंजाब एवं हरियाणा पर भी फोकस करेगी। आप के व्यापार प्रकोष्ठ पंचकू ला के प्रधान सुरेंद्र राठी ने कहा कि अब आप हरियाणा में भी संगठन की मजबूती की ओर ध्यान देगी। जिला महासचिव ईश्वर सिंह ने भी पूरी टीम के साथ कालका मार्केट में लोगों को मिठाई बांटी। वहां जिला उपाध्यक्ष बबलप्रीत, कमलप्रीत, हरप्रीत सिंह, अनुराधा, ललित शर्मा, नसीब सिंह, सुभाष शर्मा, स्वर्णपाल सिंह, पूजा भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

चंडीगढ़ में सक्रिय होगी आप
चंडीगढ़ (ट्रिन्यू) : आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के अध्यक्ष प्रेम गर्ग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत को भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक पल के रूप में वर्णित करते हुए कहा कि अब चंडीगढ़ में भी आप सक्रिय राजनीति में आयेगी एवं अगले साल होने वाले निगम चुनावों में सभी वार्डों से प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों ने साबित कर दिया है कि भारतीय मतदाता अब अपने वोट के मूल्य के प्रति जागरूक हो गया है। दिल्ली के लोगों ने सुशासन के लिए अरविंद केजरीवाल को स्पष्ट जनादेश दिया है। गर्ग ने आज यहां पत्रकारौं को सम्बोधित करते हुए कहा कि दिल्ली के मतदाताओं ने देश को आशा की एक नई किरण दिखाई है।

जीत पर निकाली रैली
राजपुरा (निस) : आम आदमी पार्टी की हल्का इंचार्ज एवं प्रदेश व्यापार विंग अध्यक्ष नीना मित्तल की अगुवाई में मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी की हुई जबरदस्त जीत की खुशी में रोड शो करते हुए रैली निकाली गई। रोड शो के दौरान जसबीर सिंह चंदूआ, धर्मेन्द्र सिंह बसंतपुरा, सुखदेव सिंह, जसविन्द्र सिंह, अमित कुमार, एडवोकेट रविन्द्र सिंह, संदीप बावा, मुनीष सूद, अनिता रानी, इस्लाम मोहम्मद, रजेश सिंघानिया सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। नीना मित्तल ने बताया कि दिल्ली की तर्ज पर पंजाब में विधानसभा चुनाव लड़ा जायेगा और प्रदेश की जनता को दिल्ली की तरह ही योजनाओं का लाभ देकर उनका जीवन स्तर उपर उठाया जायेगा।

जीरकपुर में भी बांटी मिठाई
जीरकपुर (निस) : दिल्ली में जीत पर आप कार्यकर्ताओं ने ज़ीरकपुर में लड्डू बाँट कर एक दूसरे का मुँह मीठा कराया। कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाल कर खुशी का इजहार किया। पार्टी के ज़ीरकपुर प्रधान रमेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में निकाला गया यह जुलूस पटियाला चौक से शुरू हो कर शहर के सभी बाज़ारों में गया। रमेश शर्मा और कर्नल जसबीर सराए ने कहा कि दिल्ली में लोगों ने विकास के नाम पर मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी पूरी ताकत दिल्ली विधान सभा मतदान में लगा दी थी परन्तु दिल्ली के वोटरों ने दिल्ली में मूलभूत सुविधाओं के नाम पर वोट किए। वहां मास्टर अमरीक सिंह, सेवामुक्त कर्नल जसबीर सराए, बलजिन्दर कौर, कुलदीप कौर, बलजीत सिंह बलटाना, रघवीर सिंह धालीवाल, मैडम सवरनजीत कौर, अमरीक सिंह धनोनी मौजूद रहे।

The post दिल्ली के वोटरों ने धर्म की राजनीति को नकारा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2OMVCVv
via Latest News in Hindi

0 Comments