सक्षम युवाओं के लिए स्पेशल प्लेसमेंट सैल
चंडीगढ़, 28 फरवरी (ट्रिन्यू)
रोजगार विभाग द्वारा सरकारी विभागों के साथ-साथ प्राइवेट सेक्टर में युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए ‘स्पेशल प्लेसमेंट सैल’ स्थापित होगा। सक्षम युवाओं के लिए बनने वाले इस सैल के जरिये युवाओं को रोजगार और कौशल के विशेष अवसर मिलेंगे। इतना ही नहीं, बैसाखी यानी 13 अप्रैल को सरकार नया रोजगार पोर्टल शुरू करेगी।
इस पोर्टल में उन युवाओं का पंजीकरण करवाया जाएगा, जिन्होंने पिछले 3-5 वर्षों में किसी भी प्रकार का दीर्घकालिक प्रशिक्षण और कौशल हासिल किया हुआ है। इसमें रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत उम्मीदवारों के साथ-साथ आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग व टेक्निकल यूनिवर्सिटी के पासआउट शामिल होंगे। ऐसे युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्राइवेट सेक्टर के लोगों और जॉब एग्रीगेटर के साथ भागीदारी करेगी। रोजगार पोर्टल के साथ कॉल सेंटर भी स्थापित होगा। इस कॉल सेंटर में सभी पंजीकृत युवाओं का रिकार्ड उपलब्ध होगा। इस कॉल सेंटर को प्राइवेट कंपनियों, ट्रस्ट आदि के साथ भी कनेक्ट किया जाएगा ताकि उनके यहां होने वाली रिक्तियों का पता लग सके।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग
युवाओं को राज्य के अलावा केंद्र सरकार की नौकरियों के लिए तैयार किया जाएगा। इसी तरह से बैंकों, भारतीय रेलवे सहित केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की नौकरियों के लिए होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए युवाओं को कोचिंग मुहैया करवाई जाएगी। सरकार ने अगले दो वर्षों में हरियाणा और इससे बाहर की सरकारी नौकरियों में कम से कम 1 लाख युवाओं को जोड़ने का टारगेट तय किया है।
The post सक्षम युवाओं के लिए स्पेशल प्लेसमेंट सैल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3955FgB
via Latest News in Hindi
0 Comments