चंडीगढ़, 13 फरवरी (ट्रिन्यू)
चंडीगढ़ शहर स्मार्ट सिटी के तहत आने वाली परियोजनाओं को समय पर गति न प्रदान करने के चलते राष्ट्रीय स्तर पर स्मार्ट सिटी रैंकिंग में इस बार भी उन 20 शहरों की सूची में है, जिनकी परफार्मेंस खराब है। इस रैंकिंग में कुल 100 शहरों की परफोर्मेंस आंकी गई थी। ज्ञात रहे कि वर्ष 2018 में चंडीगढ़ 67वें स्थान पर था। इस बार भी वह खराब परफार्म करने वाले शहरों की सूची में है।
चंडीगढ़ का रैंक अभी उपलब्ध नहीं है पर वह इस सूची में सबसे नीचे के शहरों में अमृतसर और धर्मशाला के साथ खड़ा है। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों में नागपुर, भोपाल, सूरत, इंदौर, विशाखापत्तनम, वाराणसी, पुणे और उदयपुर शामिल हैं। इनमें अहमदाबाद शीर्ष पर है। इस संबंध में निगमायुक्त, जो स्मार्ट सिटी मिशन के नोडल अधिकारी भी हैं, ने कहा कि चंडीगढ़ को अहमदाबाद के साथ जोड़ा गया है व उनके अनुभवों को साझा कर चंडीगढ़ का प्रदर्शन बेहतर होगा।
उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी योजना और निष्पादित परियोजनाओं के कुल परिव्यय के आधार पर शहरों का मूल्यांकन किया जाता है। संबंधित अधिकारी सेक्टर 43 को वाणिज्यिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रस्तावित 5,000 करोड़ की परियोजना को खत्म किए जाने को इसका कारण मानते हैं। स्मार्ट सिटी के तहत अब तक जो परियोजनायें शुरू हो गई हैं, उनमें ई-गवर्नेंस और 24X7 जलापूर्ति परियोजना, डड्डूमाजरा में कचरे का प्रबंधन, अप्रैल माह में 28 प्रमुख योजनाओं का आॅनलाइन होना आदि शामिल है।

ईज़-आॅफ-लिविंग : 29 तक आॅनलाइन जवाब भेजें
प्रतियोगिता के चार राउंड में चंडीगढ़ केवल फास्ट ट्रैकिंग में चौथे स्थान पर है व वह भी धर्मशाला से पीछे। चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा इन दिनों ईज़-आॅफ-लिविंग मिशन के तहत लोगों से इन सभी घटकों के संबंध में सवाल पूछे गए हैं। लोगों को आगामी 29 फरवरी तक आॅनलाइन जवाब भेजने हैं। अगर शहर की कुल आबादी के अनुपात में करीब 11000 लोगों ने इसमें भाग नहीं लिया तो चंडीगढ़ अगली बार के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी भाग नहीं ले पायेगा।
अब अहमदाबाद करेगा सहायता
केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने इस बार खराब परफार्म करने वाले शहरों की सहायता के लिए बेहतर परफार्म करने वाले शहरों को उनकी सहायता करने के निर्देश दिए हैं। इस समूह में चंडीगढ़ को सबसे बेहतर परफार्म करने वाले शहर अहमदाबाद के साथ रखा गया है। अब अहमदाबाद चंडीगढ़ को स्मार्ट बनाने में सहायता करेगा

The post चंडीगढ़ की परफार्मेंस फिर खराब appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/31TPjEP
via Latest News in Hindi

0 Comments