अहमदाबाद, 12 फरवरी (एजेंसी)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी भारत यात्रा के दौरान अहमदाबाद में भव्य रोड शो में शामिल होंगे और साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ यहां नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन भी करेंगे। वह 24 फरवरी को अहमदाबाद पहुंच सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि मोदी के गृह राज्य गुजरात की यात्रा के दौरान ट्रंप विशाल रोड शो में हिस्सा लेंगे। इस रोड शो के लिए अहमदाबाद हवाई अड्डे से साबरमती आश्रम तक 10 किलोमीटर तक के मार्ग को सजाया गया है। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे। बाद में ट्रंप और मोदी शहर के मोटेरा इलाके में हाल में बनाये गये सरदार वल्लभ भाई पटेल स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे जिसमें एक लाख से ज्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आयोजित यह बड़ा कार्यक्रम पिछले साल अमेरिका में हुए ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम जैसा होगा। इस कार्यक्रम को ‘केम छो, ट्रंप’ नाम दिया गया है। यहां दोनों नेताओं का संयुक्त संबोधन का कार्यक्रम है।
अहमदाबाद में लाखों लोग करेंगे राष्ट्रपति ट्रंप का स्वागत : राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मोदी के साथ हुई अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से उन्हें बताया है कि अहमदाबाद में उनके स्वागत के लिए लाखों लोग मौजूद होंगे।
भारत यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित हूं : ट्रंप
वाशिंगटन (एजेंसी) : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह इस माह अपनी भारत यात्रा को लेकर उत्सुक हैं और उन्होंने संकेत दिए कि उनकी इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। व्हाइट हाउस द्वारा ट्रंप की भारत यात्रा की तारीखों की घोषणा के एक दिन बाद राष्ट्रपति ने अपने ओवल कार्यालय में संवाददाताओं से कहा,‘वह (मोदी) बहुत भद्र पुरुष हैं और मैं भारत जाने को उत्सुक हूं।’ एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने संकेत दिए कि वह भारत के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने को इच्छुक हैं। वहीं, अमेरिका में भारत के नवनियुक्त राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि यह यात्रा ट्रंप और मोदी के बीच ‘मजबूत व्यक्तिगत घनिष्ठता को दर्शाती है।’

डोनाल्ड का यादगार स्वागत करेंगे : मोदी
नयी दिल्ली (एजेंसी) : पीएम नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि वह बेहद खुश हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उनकी पत्नी इस महीने भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। यहां उनका भव्य एवं यादगार स्वागत किया जायेगा। पीएम ने अपने ट्वीट में कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी के 24-25 फरवरी को भारत यात्रा पर आने को लेकर बहुत खुश हूं , हमारे माननीय अतिथियों का यादगार स्वागत किया जाएगा।’ मोदी ने कहा कि ट्रम्प की भारत यात्रा विशेष है तथा यह भारत-अमेरिका मैत्री को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम होगी। उन्होंने कहा, ‘भारत और अमेरिका के मजबूत संबंध न केवल हमारे नागरिकों के लिये बल्कि पूरे विश्व के लिये बेहतर होंगे।’

The post पटेल स्टेडियम में केम छो, ट्रंप डांडिया भी खेलेंगे appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/38rOuWc
via Latest News in Hindi

0 Comments