नरेंद्र ख्यालिया/निस
हिसार, 2 फरवरी
लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने और स्वयं की रक्षा करने के लिए एक नई योजना सरकार द्वारा तैयार की गई है, जिसके तहत स्कूली पढ़ाई के साथ-साथ छात्राओं को काम के बदले वेतन दिया जाएगा, जिससे स्वरोजगार की भावना को बढ़ावा मिलेगा। योजना के अनुसार स्कूलों में अब स्कूली छात्राओं को ही आत्मरक्षा के गुर सिखाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जिसके लिए चुनी गई छात्राओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
जानकारी मिली है कि आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए अब विभाग ने स्कूली छात्राओं को ही निपुण करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत जिला हिसार के 228 उच्च विद्यालयों व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को चुना गया है। जिनसे प्रत्येक स्कूल की 2 छात्राओं के हिसाब से 456 छात्राओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
सहायक प्रोजेक्ट संयोजक (एपीसी) सुरेंद्र सिंह कैरो ने बताया कि स्कूली छात्राओं को आत्मरक्षा करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना के तहत जिला के 228 स्कूलों का चुनाव किया गया है, जिसमें उच्च विद्यालय व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। स्कूलों से चुनी गई छात्राओं को हिसार स्थित सीआर लॉ कॉलेज में आगामी 4 फरवरी से 14 फरवरी तक प्रशिक्षण शिविर लगेगा, जिसमें एक निजी कंपनी के 15 प्रशिक्षक उक्त छात्राओं को प्रशिक्षित करेंगे और प्रशिक्षित छात्राएं वर्ष भर स्कूली छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाती रहेंगी। इतना ही नहीं, प्रशिक्षण के दौरान गांव से हिसार आने-जाने का स्कूली छात्राओं को किराया दिया जाएगा और प्रशिक्षण दौरान जलपान की व्यवस्था भी विभाग द्वारा ही की जाएगी। जिन छात्राओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, उन द्वारा स्कूली छात्राओं को प्रशिक्षण देने के लिए 750 रुपए प्रति छात्रा प्रति माह मेहनताना भी दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए उच्च विद्यालयों से 9वीं कक्षा की छात्राओं और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 11वीं कक्षा की छात्राओं को चुना गया है, ताकि छात्राएं कम से कम 2 वर्षों तक आत्मरक्षा के गुर अन्य छात्राओं को सीखा सकें।
सरकार की अच्छी पहल
अभियान के बारे में जिला समन्वय संयोजक कुलदीप सिहाग ने कहा कि स्कूलों में स्कूली छात्राओं द्वारा ही आत्मरक्षा के गुर सिखाने का सरकार व विभाग का निर्णय एकदम सही है, क्योंकि उक्त छात्राएं अन्य छात्राओं के बीच रहेंगी और कार्यक्रम चलता रहेगा। प्रशिक्षक कुछ समय सिखाकर अपनी कंपनियों में चले जाते थे और उनको वेतन भी 3-3 हजार रुपए देना पड़ता था। उन्होंने कहा कि पहले चरण में स्कूली छात्राओं की मदद से स्कूली छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सीखने का लक्ष्य 50 प्रतिशत तक पहुंचाया जाएगा।

The post गुरु दक्षिणा में मिलेंगे 750 रुपए प्रतिमाह appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2RQr5aV
via Latest News in Hindi

0 Comments