बुढ़ापा पेंशन में हर साल होगी 250 रु. की बढ़ोतरी
दिनेश भारद्वाज/ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 8 फरवरी
हरियाणा की गठबंधन सरकार बुढ़ापा पेंशन में हर साल 250 रुपये की बढ़ोतरी करेगी। मौजूदा कार्यकाल के पहले साल की पेंशन में 250 रुपये मासिक का इजाफा किया जा चुका है। सरकार ने हर साल पहली जनवरी से पेंशन में 250 रुपये मासिक की बढ़ोतरी का सैद्धांतिक फैसला लिया है। वहीं दूसरी ओर, विभाग के अधिकारियों को ये निर्देश भी दिए जा चुके हैं कि वे महंगाई दर के साथ पेंशन को कनेक्ट करने का फार्मूला भी निकालें।
इधर, भाजपा की गठबंधन सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) लगातार सरकार पर दबाव बना रही है कि पेंशन में इजाफा किया जाए। दरअसल, जेजेपी ने सत्ता में आने के बाद पेंशन को 5100 रुपये मासिक करने का वादा किया था। वहीं भाजपा ने विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र में ही स्पष्ट कर दिया था कि पेंशन को महंगाई के साथ जोड़ा जाएगा। यानी जिस तरह से प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वर्ष में दो बार इजाफा होता है, उसी तर्ज पर पेंशन में भी बढ़ोतरी होगी।
फिलहाल सरकार ने इस फार्मूले को इसलिए टाल दिया है क्योंकि इस फार्मूल से पेंशन में कम बढ़ोतरी हो रही थी। ऐसे में तुरंत राहत के तौर पर 250 रुपये सालाना बढ़ोतरी का हल निकाला है। भाजपा इस बार क्योंकि अल्पतम में है। ऐसे में गठबंधन सहयोगी पार्टी का भी दबाव है। सो, आने वाले दिनों में जेजेपी का दबाव भी थोड़ा बहुत काम कर सकता है। दिल्ली से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी हाईकमान इस मुद्दे पर नज़र बनाए हुए है।
बहरहाल, इतना तय है कि बुजुर्गों, विधवाओं एवं दिव्यांगों की पेंशन में हर साल 250 रुपये की वृद्धि तो होगी ही। भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनावों में पेंशन को 1000 रुपये से बढ़ाकर 2000 करने का वादा किया था। इस वादे को एक समय में पूरा करने की बजाय सरकार ने 200 रुपये हर साल बढ़ोतरी करने का फार्मूला निकाला। यानी 2019 के विधानसभा चुनावों से पहले सरकार ने अपने पेंशन को 2000 रुपये करने के वादे को पूरा किया। अब भी उसी तर्ज पर सरकार आगे बढ़ रही है।
इन्हें मिला फायदा
सरकार ने 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्गों के साथ-साथ विधवा व बेसहारा महिलाओं की पेंशन में 250 की बढ़ोतरी की है। इसी तरह से 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के 60 प्रतिशत और इससे अधिक दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाकर 2250 रुपये कर दी है। बौनों के भत्ते में भी 250 रुपये और लाडली पेंशन योजना के लाभार्थियों को भी अब मासिक 2250 रुपये मिलेंगे। 18 वर्ष तक की उम्र के स्कूल जाने वाले असमर्थ यानी दिव्यांग बच्चों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता को सरकार ने 1400 से बढ़ाकर 1650 रुपये मासिक किया है।
निराश्रित बच्चों को मिलेंगे 1350 रुपये
पेंशन योजनाओं में ही शामिल निराश्रित बच्चों की वित्तीय सहायता राशि भी सरकार ने इसी दर से बढ़ाई है। दरअसल, जिन बच्चों के मां-बाप नहीं हैं, उन्हें 21 वर्ष तक की उम्र तक सरकार द्वारा 1100 रुपये की वित्तीय मदद दी जाती थी। अब इसे बढ़ाकर 1350 रुपये किया गया है। सरकार ने अब सैद्धांतिक तौर पर फैसला लिया है कि इन सभी पेंशन व वित्तीय मदद वाली सामाजिक योजनाओं में साल-दर-साल इसी तरह 250 रुपये की वृद्धि होगी।
The post बुढ़ापा पेंशन में हर साल होगी 250 रु. की बढ़ोतरी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2OD9WzK
via Latest News in Hindi
0 Comments