शिमला में बृहस्पतिवार को मौसम के फिर करवट लेने के चलते छाई धुंध के बीच काम पर जाते लोग। -अमित कंवर

शिमला, 6 फरवरी (निस)
हिमाचल प्रदेश में सर्दी के कड़े तेवर बरकरार हैं। पर्वतीय इलाकों में रात के समय खून जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। शिमला सहित पांच जिलों का न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति व किन्नौर में पारे के शून्य से काफी नीचे पहुंच जाने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन 11 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम करवट लेगा और उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी व वर्षा का अनुमान है।
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक लाहौल-स्पीति सबसे ठंडा जिला रहा। बुधवार की रात लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलंग में तापमान -12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह किन्नौर के कल्पा में तापमान -6.8 डिग्री, और कुल्लू के विख्यात पर्यटन स्थल मनाली में -3.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
शिमला जिले में भी ठंड कहर बरपा रही है। यहां के मशहूर पर्यटन स्थल कुफरी में न्यूनतम तापमान -1.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसी तरह चंबा जिला के डल्हौजी में पारा -0.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सोलन, शिमला, पालमपुर, भुंतर और सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 0.6 डिग्री, 0.7 डिग्री, 1 डिग्री, 1.3 डिग्री और 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री, चंबा व जुब्बड़हट्टी में 3 डिग्री, कांगड़ा में 3.2 डिग्री, ऊना में 3.8 डिग्री, हमीरपुर में 4.7 डिग्री, बिलासपुर में 5 डिग्री, मंडी में 7.1 डिग्री, नाहन में 7.7 डिग्री और पांवटा साहिब में 10 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी शिमला सहित पर्वतीय क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को आसमान बादलों से घिरा रहा। इस वजह से लोगों को दिन में भी ठिठुरन का सामना करना पड़ा। सुबह व शाम के समय तो ठंड कहर बरपा रही है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान अगले चार दिन राज्य भर में मौसम शुष्क रहेगा।

The post हिमाचल में 11 से फिर बिगड़ेगा मौसम appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2uqhI9c
via Latest News in Hindi

0 Comments