नयी दिल्ली, 4 जनवरी (ट्रिन्यू)
यहां प्रगति मैदान में विश्व पुस्तक मेला-2020 शनिवार से शुरू हो गया है। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस बार पुस्तक मेले का थीम ‘गांधी-लेखकों के लेखक’ है। इसमें बताया गया है कि महात्मा गांधी ने अपने लेखन से देश-विदेश के लेखकों को किस तरह प्रभावित किया।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने इस मेले का उद‍्घाटन किया। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन के साझा तौर पर आयोजित यह नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 12 जनवरी तक चलेगा। पुस्तक मेला रोजाना सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा। इस मौके पर निशंक ने कहा कि आज विश्व को गांधी जी की ज्यादा जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक मेले के माध्यम से गांधीवादी विचारों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आज जब विश्व में आतंकवाद बढ़ रहा है ऐसी स्थिति में गांधीजी के विचारों का अधिक महत्व है। निशंक ने कहा कि विश्व पुस्तक मेले में 30 देशों के 600 से अधिक प्रकाशक हिस्सा ले रहे हैं।
बहरहाल, पुस्तक मेले में लेखकों का कोना, सेमिनार, ब्रेल पुस्तकें, बच्चों का मंडप, विदेशी मंडप और मुख्य विषय पर आधारित मंडपों की भी व्यवस्था की गई है। स्कूल के बच्चों के लिए मेले में मुफ्त प्रवेश है, लेकिन उन्हें स्कूल के आईडी कार्ड, ड्रेस के साथ आना होगा। इसके साथ ही 60 साल की उम्र से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी प्रवेश मुफ्त है।

The post ‘गांधी-लेखकों के लेखक’ थीम के साथ विश्व पुस्तक मेला शुरू appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2uc4HiX
via Latest News in Hindi

0 Comments