सोनीपत, 7 जनवरी (हप्र)

सोनीपत में मंगलवार को निगम के संयुक्त आयुक्त से चर्चा करते सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन और अन्य व्यापारी। -हप्र

निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर उग्र हुए व्यापारियों के साथ मंगलवार काे निगम के संयुक्त आयुक्त शंभू राठी की बैठक हुई। बैठक में सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन तथा व्यापारी नेता पहुंचे थे। इन्होंने प्रशासन की कार्रवाई पर एतराज जताते हुए अपना पक्ष रखा। वहीं, निगम अधिकारी ने कहा कि अतिक्रमण लोगों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। बाद में दोनों पक्षों में सहमति बनी कि वह आपसी सहयोग से इसका हल निकालेंगे। मंगलवार को सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन के साथ व्यापारी मंडल प्रतिनिधिमंडल निगम के संयुक्त आयुक्त शंभू राठी से मिला। मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने अपने सुझाव दिए। व्यापारियों की ओर से व्यापार मंडल के जिला प्रधान संजय सिंगला, मार्किट कमेटी सोनीपत के उपप्रधान संजय वर्मा मुख्य रूप से मौजूद थे। व्यापारियों ने सुझाव दिया कि वे दुकानदारों के साथ बैठक करके उन्हें दुकान से बाहर सामान नहीं रखने के लिए मनाएंगे।
संयुक्त आयुक्त शंभू राठी ने बाजार में स्ट्रीट वेंडिंग पालिसी के अनुरूप रेहड़ी-फड़ी, खोमचा वालों के लिए स्थान तथा पार्किंग बनाने के लिए भी स्थान सुझाने का आग्रह किया। इसमें व्यापार मंडल मदद करेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि प्रशासन एवं व्यापारी मिलकर सहमति से अतिक्रमण हटाने का काम करें, तो शहर की स्तिथि बेहतर होगी।
इस मौके पर पवन तनेजा, हिमांशु कुकरेजा, राजू वर्मा, रामनारायण गोयल, राजबीर सैनी, जतिन डेम्बला, राजीव गर्ग आदि मौजूद रहे।

निगम संयुक्त आयुक्त शंभू राठी ने कहा कि वे सभी बिंदुओं को उपायुक्त अंशज सिंह के सामने रखेंगे और आपसी समन्वय के साथ काम करने की नीति तैयार करेंगे, ताकि आमजन को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

The post संयुक्त आयुक्त से मिले व्यापारी नेता appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2FqQ65E
via Latest News in Hindi

0 Comments