पूर्व मंत्री, कांग्रेस नेता शमशेर सिंह सुरजेवाला का निधन
जींद, 20 जनवरी (हप्र)
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह सुरजेवाला का सोमवार को दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। दोपहर बाद उनकी पार्थिव देह को नरवाना लाया गया, जहां अनेक नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके पुत्र पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के मीडिया विभाग के राष्ट्रीय प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा, पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश, पूर्व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य, अशोक अरोड़ा, कर्ण सिंह दलाल, परमवीर सिंह, कुलदीप शर्मा, प्रह्लाद सिंह गिल्लाखेड़ा, विधायक ईश्वर सिंह, पूर्व विधायक प्रेमलता, पूर्व मंत्री रामभज, कर्मवीर सैनी, संदीप सांगवान, रामपाल उझाना, भरतसिंह मलिक, ईश्वर नैन आदि मौजूद रहे।
शमशेर सिंह सुरजेवाला का जन्म नरवाना हलके के गांव सुरजाखेड़ा में 24 मार्च 1932 को हुआ था। शमशेर सिंह 6 भाइयों में सबसे बड़े थे। वे चार बार नरवाना हलके से और एक बार कैथल हलके से विधायक रहे। भजनलाल और बंसीलाल की सरकारों में वे वरिष्ठ मंत्री रहे। उन्होंने हरियाणा बनने के बाद 1967 में हुए पहले चुनाव में नरवाना हलके से चुनाव लड़ा और जीतकर राव वीरेंद्र सिंह की कैबिनेट में मंत्री बने।
कांग्रेस विधायकों ने मौन धारण कर दी श्रद्धांजलि
चंडीगढ़ (ट्रिन्यू): हरियाणा कांग्रेस के विधायकों ने वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह सुरजेवाला को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। हरियाणा विधानसभा के सत्र की शुरुआत से पहले पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। इसमें तमाम विधायकों ने 2 मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। हुड्डा ने कहा कि शमशेर सिंह सुरजेवाला ने ताउम्र किसान, कांग्रेस और प्रदेश की सेवा की। उन्होंने कहा, सुरजेवाला हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे। बाद में मुझे भी इस पद पर रहकर सेवा करने का मौका मिला। हुड्डा ने कहा, स्व. सुरजेवाला के रूप में हमने एक बड़े किसान नेता को खो दिया है। उनकी राजनीति का रुझान हमेशा किसानों की तरफ रहा। सुरजेवाला अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे। इस पद पर रहते हुए उन्होंने हरियाणा ही नहीं देशभर के किसानों के मुद्दों को उठाया। जनसाधारण के प्रति शमशेर सुरजेवाला का लगाव अतुलनीय था।
The post पूर्व मंत्री, कांग्रेस नेता शमशेर सिंह सुरजेवाला का निधन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2RwQ5To
via Latest News in Hindi
0 Comments