गुरुग्राम के वार्ड 34 में वाॅकिंग ट्रैक पर टाइलें बिछाने का कार्य बृहस्पतिवार को शुरू किया गया।
-हप्र

गुरुग्राम, 2 जनवरी (हप्र)
घोटालों और फर्जीवाड़ों के कारण स्पेशल ऑडिट का सामना कर रहे नगर निगम में अफसरों की ठेकेदारों से मिलीभगत का एक और मामला सामने आया है। निगम अधिकारियों ने काम किए बिना ही ठेकेदार को 35 लाख 35 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। एक ही दिन में ठेकेदार के खाते में यह रकम ट्रांसफर की गई। मेयर मधु आजाद ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। खुशबू चौक से ब्रिस्टल चौक तक करीब 1700 मीटर पर विशेष वाॅकिंग ट्रैक बनाया जाना था। इसमें से 600 मीटर का ट्रैक पहले से बना हुआ है। शेष 1100 मीटर का टेंडर नगर निगम ने एक ठेकेदार को दे दिया। ठेकेदार ने इस कार्य के बदले नगर निगम से भुगतान की मांग की तो जेई ने काम पूरा होने की रिपोर्ट देकर पैमेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी। 25 अक्तूबर को शुरू की गई पैमेंट की प्रकिया से संबंधित फाइल एसडीओ, एक्सईएन, चीफ इंजीनियर, एडिशनल कमिश्नर, ऑडिट और अकाउंटस ब्रांच के एक ही दिन पास हो गई।
ठेकेदार द्वारा किए गए कार्य की जांच किए बिना शुरू की गई इस प्रक्रिया के तहत उसी दिन फाइनल पैमेंट यानी 35 लाख 35 हजार रुपये ठेकेदार के खाते में डलवा दिए गए। मामला निगम पार्षद आरएस राठी के संज्ञान में आया तो उन्होंने अपने स्तर पर इसकी जांच की। उन्होंने मामले की शिकायत 1 जनवरी को मेयर मधु आजाद से की तो मेयर ने जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की है। आरएस राठी ने शिकायत में आरोप लगाया कि जो काम ठेकेदार ने किया उसकी लागत 11 लाख रुपये से ज्यादा नहीं है। ठेकेदार ने ट्रैक पर टाइल्स पर भी नहीं लगाई, लेकिन इसके बदले में नगर निगम से 17 लाख 40 हजार रुपये का भुगतान करवा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जेई से लेकर अकाउंट ब्रांच तक के अधिकारी इस पूरे प्रकरण में मिले हुए हैं। इनके खिलाफ जनता के पैसे के दुरुपयोग करने के आरेाप में कार्रवाई की जानी चाहिए।
शिकायत के बाद लगनी शुरू हुई टाइल्स
पार्षद आरएस राठी द्वारा पूरे मामले की शिकायत करने के बाद ठेकेदार ने बृहस्पतिवार को आनन-फानन में ट्रैक पर टाइल्स लगाने का काम शुरू करवा दिया। पार्षद का आरोप है कि काम जल्दी खत्म करने के चक्कर में घटिया गुणवत्ता की टाइल लगाई जा रही हैं।

The post काम किये बिना ही ठेकेदार को दे दिये 35 लाख appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2QFTPl3
via Latest News in Hindi

0 Comments