आपकी राय
आलोचना स्वीकारें
प्रसिद्ध कारोबारी राहुल बजाज ने जो बयान दिया है, उसे केंद्र सरकार को सकारात्मक रूप से लेना चाहिए। पिछले कुछ समय से सत्तापक्ष से किसी भी घटना पर सवाल पूछने पर उन्हें देशद्रोही करार दिया जाता है। कड़वी सच्चाई तो यह भी है कि आज मीडिया सत्तापक्ष से सख्त सवाल करना ही भूल गया है। सरकार के अच्छे कामों की प्रशंसा अवश्य होनी चाहिए। अगर कुछ गलत हो रहा है तो सुधार करने हेतु ऐसे सहासिक सवालों का सम्मान करना ही चाहिए, ताकि व्यवस्था में बेहतर सुधार किया जा सके। सरकार को डर का माहौल खत्म करना होगा।
हेमा हरि उपाध्याय, खाचरोद म.प्र.
वजह भी तलाशें
इन दिनों महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा जोरों पर है। बीते दिनों तेलंगाना की पशु-चिकित्सक डॉक्टर को कुछ अपराधियों ने सामूहिक दुष्कर्म कर जिंदा जला दिया था। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है। ऐसे में केवल देश के कानून को बदल कर, यौन हिंसा संबंधी अपराधी को मौत की सजा देने से अपराधिक घटनाएं नहीं रुकेंगी। इसके लिए बच्चों को ‘प्रथम पाठशाला घर’ व ‘प्रथम शिक्षक मां’ से ही संस्कार का पाठ सीखना होगा। तभी हम महिलाओं को समाज में सुरक्षित देख सकते हैं।
नितेश कुमार सिन्हा, जानपुल चौक, मोतिहारी
उम्मीदों का मतदान
कथित तौर पर नक्सलियों की धमकी के बाद भी झारखंड में भारी मतदान हुआ। नक्सली हिंसा में बलिदान हुए एक सैनिक की पत्नी ने भी बिना डरे मतदान किया। देश के लोकतंत्र के लिए अधिक मतदान आवश्यक है, मतदान कम होने पर अयोग्य लोग राज्य व सेवाओं का निर्धारण करने लगते है, जो नहीं होना चाहिए। अधिक मतदान से योग्य जनप्रतिनिधि ही चुनकर आते है। जनतंत्र के लिए यह आवश्यक भी है।
मंगलेश सोनी, धार, म.प्र.
The post आपकी राय appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/33KtKGa
via Latest News in Hindi
0 Comments