सुल्तानपुर लोधी पहुंचे लाखों श्रद्धालु
सुल्तानपुर लोधी, 11 नवंबर (एजेंसी)
सुल्तानुपर लोधी में सोमवार को पंज प्यारे प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में निकाले गये नगर कीर्तन की अगुवाई करते हुए। -मलकीत सिंह
सुल्तानपुर लोधी, 11 नवंबर (एजेंसी)
सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 550वीं जयंती से एक दिन पहले सोमवार को पवित्र नगरी सुल्तानपुर लोधी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा बेर साहिब में प्रकाश पर्व मनाने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़े। पूरे पंजाब में गुरबाणी का स्वर गूंज रहा है। पंजाब समेत देश भर में प्रकाश पर्व पर उत्सव का माहौल है। पूरा राज्य धार्मिक उत्साह में डूबा हुआ है। ‘पंज प्यारों’ के नेतृत्व में विभिन्न जगहों पर ‘नगर कीर्तन’ निकाले गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिए और भजन गाए। बड़ी संख्या में तीर्थयात्री इस पवित्र नगरी में पहुंचे, जहां गुरु नानक देव ने 14 साल बिताए थे और आत्मज्ञान प्राप्त किया था। ऐसा माना जाता है कि गुरु नानक देव ‘काली बेईं’ में स्नान करते थे और फिर एक ‘बेर’ वृक्ष के नीचे ध्यान लगाते थे।
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृह मंत्री अमित शाह, पंजाब के राज्यपाल वी पी सिंह बदनोर मंगलवार को यहां दर्शन के लिए आएंगे। कपूरथला जिला प्रशासन ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में, देश भर से लाखों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा बेर साहिब के दर्शन किए। गुरदासपुर से यहां पहुंचे 70 साल के जरनैल सिंह ने कहा, ‘मैंने गुरु नानक देव की 550 वीं जयंती समारोह के अवसर पर गुरुद्वारा बेर साहिब में माथा टेका। यह एक बार आने वाला अवसर है, जिसे मैं छोड़ना नहीं चाहता था।’
सामाजिक बुराइयों के खात्मे का लें संकल्प
कपूरथला (निस) : गुरु नानक देव के 550वें प्रकाशपर्व के मौके पर पंजाब सरकार की ओर से सुल्तानपुर लोधी में करवाए जा रहे विशेष समागम में आज मुख्य पंडाल ‘गुरु नानक दरबार’ में वित्त मंत्री पंजाब मनप्रीत सिंह बादल ने हाजिरी भरी तथा कीर्तन श्रवण किया। उन्होंने संगत को प्रकाश पर्व की मुबारकबाद देते हुए भ्रष्टाचार, अत्याचार जैसी सामाजिक बुराइयों के खात्मे का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस मौके पर सुल्तानपुर लोधी के विधायक नवतेज सिंह चीमा व अन्य ने भी पंडाल में हाजिरी भरी। संगत को संबोधित करते हुए मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि दबे कुचले व प्रताड़ित वर्ग के लोगों को ऊंपर उठाकर समाज से जुर्म का खात्मा कराना ही गुरु साहिब का पैगाम है। उन्होंने नई पीढ़ी को बाबा नानक का सर्व सांझ वाला संदेश दिल से अपनाने तथा उनके दिखाए रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया।
कर्मियों की हाज़िरी के लिए एप जारी
सुल्तानपुर लोधी में ड्यूटी पर तैनात पुलिस आधिकारियों और कर्मियों की 100 प्रतिशत हाज़िरी यकीनी बनाने और उनकी गतिविधियों की निगरानी के लिए पंजाब पुलिस की तरफ से एक विशेष एप जारी की गई है। एसएसपी कपूरथला सतिन्द्र सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व पर सुलतानपुर लोधी में 1000 के करीब पुलिस कर्मी ड्यूटी पर तैनात किये गए हैं। उन्होंने कहा कि इतने कर्मचारियों की हाज़िरी निजी तौर पर चेक करना बहुत ही मुश्किल काम है, इसलिए इस सारी प्रक्रिया के लिए यह एप बनाई गई है।
गुरु नानक देव की शिक्षाएं आज और भी प्रासंगिक
शिमला (निस) : गुरु नानक देव ने एक ईश्वर, सार्वभौमिक भाईचारे, प्रेम, विनम्रता, सादगी, समानता और सहनशीलता का उपदेश दिया। 550वां प्रकाशोत्सव उनकी शिक्षाओं के प्रति स्वयं को समर्पित करने का उचित समय है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात आज पंजाब में सुल्तानपुर लोधी स्थित गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जाति, रंग, धर्म और नस्ल के आधार पर लोगों में भेदभाव करने में विश्वास नहीं रखते थे। उनकी शिक्षाएं आज और भी ज्यादा प्रासंगिक हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि श्रीगुरू नानक देव ने साबित किया कि सिख धर्म का पालन करने के लिए न तो जाति, वर्ग, संपन्नता, गरीबी और न ही धर्म मापदंड हैं।
The post सुल्तानपुर लोधी पहुंचे लाखों श्रद्धालु appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2q55OiJ
via Latest News in Hindi
0 Comments