जिम ट्रेनर ने की थी डाक्टर के परिवार की हत्या
हमारे प्रतिनिधि
फरीदाबाद, 10 नवंबर
सेक्टर-7-ए के 19 नंबर सावित्री भवन में हुए डाक्टर प्रवीण मेहंदीरत्ता, उनकी पत्नी सुदेश उर्फ भारती, बेटी प्रियंका व दामाद सौरभ कटारिया की हत्या के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। पुलिस के अनुसार, डाक्टर मेहंदीरत्ता व उनके परिजनों की हत्या जिम ट्रेनर मुकेश ठाकुर ने की है। आरोपी मेहंदीरत्ता के बेटे दर्पण का दोस्त है।
रविवार को प्रेसवार्ता में एसीपी क्राइम अनिल कुमार ने बताया कि डबुआ कालोनी का रहने वाले मुकेश का मेहंदीरत्ता के घर आना-जाना था। उन्होंने बताया कि हत्याकांड में सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस को 4 लोगों पर संदेह था। सभी को पूछताछ के लिए बुलाया गया। इनमें से तीन तो पहुंच गए, लेकिन मुकेश नहीं आया। इस पर पुलिस टीम मुकेश के घर डबुआ पहुंची। मुकेश फरार मिला। छानबीन की गई तो उसके घर से एक पत्र मिला। यह पत्र उसकी पत्नी ने पुलिस को दिया। इसमें मुकेश ने डाक्टर समेत 4 लोगों की हत्या की बात कुबूल की है। साथ ही यह भी लिखा है कि वह अब मरने जा रहा है। एसीपी क्राइम ने कहा कि डाक्टर व उसके परिजनों की हत्या के पीछे क्या कारण रहा, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच की 10 टीमें आरोपी को पकड़ने में जुटी हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ही हत्याकांड के कारण का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच ने आरोपी के भाई समेत 4 अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पड़ोसी सतीश गर्ग के घर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज व क्राइम सीन के मिलान से पता चला कि हमलावर ने पहले मेहंदीरत्ता दंपती की हत्या की, इसके बाद करीब पौना घंटा घर में बैठकर उनके बेटी व दामाद के आने का इंतजार किया। उनकी हत्या के करीब आधे घंटे बाद वह फरार हुआ। सीसीटीवी कैमरे की दूरी व अंधेरे के कारण स्कूटी सवार का न तो चेहरा दिखा और न ही स्कूटी के नंबर। सीसीटीवी में स्कूटी सवार रात करीब 10.30 बजे मेहंदीरत्ता दंपती के घर के बाहर पहुंचा। स्कूटी बाहर खड़ी कर वह घर के अंदर चला गया। करीब 11.15 बजे मेहंदीरत्ता दंपती के बेटी व दामाद घर के अंदर जाते दिखे। करीब 11.45 बजे स्कूटी सवार घर के बाहर जाता दिखा।
सभी का गला रेतकर किया गया मर्डर
पुलिस को प्रवीन मेहंदीरत्ता का शव बेसमेंट में बनी लैब में कुर्सी पर मिला। उनकी पत्नी भारती का शव बेडरूम में मिला। सभी की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई। शरीर पर चाकू घोपे जाने के भी निशान हैं। बेसमेंट में एक्सरे मशीन चालू मिली है। यह मशीन तभी चालू की जाती है जब किसी का एक्सरे करना हो। वैसे भी प्रवीन रात के 10.30 बजे किसी जानकार का ही एक्सरे कर सकते हैं, अन्य को वे सुबह आने को बोल देते। पुलिस का मानना है कि हमलावर एक्स-रे कराने के बहाने प्रवीण को बेसमेंट में लेकर गया। जैसे ही प्रवीण ने मशीन चालू की, उसने उनका गला रेत दिया। इसके बाद ऊपर आकर बेडरूम में भारती की हत्या की। इसके बाद रात 11.15 बजे पहले बेटी प्रियंका अंदर आई, दामाद सौरभ कटारिया कार खड़ी करने लगा। उसने गेट पर ही प्रियंका की हत्या कर दी। इसके बाद जैसे ही सौरभ कटारिया अंदर आए, उसने उनकी भी हत्या कर दी।
खून सने कपड़े और प्रियंका का मोबाइल मिला
मुकेश के घर से पुलिस ने हत्याकांड में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है। उसकी चाबी पर खून के निशान मिले हैं। इसके अलावा, आरोपी के खून सने कपड़े और डाक्टर की बेटी प्रियंका का गायब हुआ मोबाइल भी पुलिस ने अजरौंदा के पास झाड़ियों से बरामद कर लिया है। हालांकि, डाक्टर मेहंदीरत्ता का मोबाइल अभी गायब है।
The post जिम ट्रेनर ने की थी डाक्टर के परिवार की हत्या appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2CuK2aG
via Latest News in Hindi


0 Comments