प्रदूषण रोकना सबकी मौलिक, नैतिक जिम्मेदारी
रोहतक, 10 नवंबर (निस)
राहगिरी के माध्यम से रविवार को पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त आरएस वर्मा ने शिरक्त की, जबकि विशिष्ट अतिथि डीएसपी यातायात महेश कुमार रहे। शहरवासियो ने राहगीरी का खूब आनन्द उठाया है। राहगीरी में स्टेज पर प्रतिभागियों ने कविता, गायन, डांस आदि में अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया है। उपायुक्त ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण वर्तमान समय की एक सबसे बड़ी समस्या है, जो आधुनिक और तकनीकी रूप से उन्नत समाज में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों से प्रदूषण होता है, उन पर नियंत्रण करना चाहिए और यह सभी की मौलिक व नैतिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर राहगीरी में मौजूद लोगो को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलवाई गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण थीम पर आयोजित किए गए ड्राइंग कंपटीशन में छात्रों द्वारा बनाए गए पोस्टरों का अवलोकन किया।
राहगीरी में ड़ॉ. संजय जाखड़ ने लोगों को योग कराया तथा लोगो को स्वस्थ्य रहने के तरीकों बारे अवगत कराया। राजकीय स्कूल धामड़ के छात्रों द्वारा मंच पर योगासन किए गए।
हरियाणा पुलिस सप्ताह के तहत पुलिस द्वारा पुश-अप, पोस्टर मेकिंग व पेटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। पोस्टर मेकिंग में आयुषी ने पहला, नेहा ने दुसरा व निकिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुश अप प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में आदित्य मलिक ने पहला, मंयक ने दुसरा व पार्थ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि सीनियर वर्ग में काकू सिंह ने पहला, नवदीप ने दुसरा व विशाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उपायुक्त आरएस वर्मा व उप पुलिस अधीक्षक महेश कुमार ने विजेताओं को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया।
‘दामण नीचे पहरी जूती तू बणगी नार कसूती’ पर नाचे लोग
नारनौल (हप्र) : रविवार को आयोजित राहगिरी कार्यक्रम में हरियाणवी गाने ‘दामण नीचे पहरी जूती तू बणगी नार कसूती’ पर कई लोग एक साथ थिरके तो माहौल उत्सव का हो गया। प्रशासन द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क के सामने खुशियों बात थीम आयोजित राहगीरी कार्यक्रम आयोजन किया गया था। जिसका हर आम और खास ने लुत्फ उठाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर एसपी दीपक सहारन मौजूद थे। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से न केवल आपसी मेलजोल बढ़ता है, बल्कि शारीरिक कसरत भी हो जाती है। साथ ही लोगों का भरपूर मनोरंजन भी होता है। इस मौके पर एक बुजुर्ग ओमप्रकाश वर्मा व उनके पोते ने ‘हट जा ताऊ पाछे नै’ हरियाणवी गीत पर डांस किया तो तालियों के साथ लोगों ने उनका अभिनंदन किया। अंध विद्यालय की छात्राओं ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ पर एक गीत गाया। राहगीरी में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वच्छता अभियान पर नुक्कड़ नाटक पेश किया वहीं इसी स्कूल के केशव व कोमल ने स्पीच दी। बीपीएस स्कूल की जावेद ने विभिन्न गानों पर डांस करके सबका मन मोह लिया। एक बच्ची सीरत ने अयोध्या में राम मंदिर के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्णय से खुश होकर पूरी रामायण सुनाई। कार्यक्रम में बैडमिंटन, कैरम बोर्ड, क्रिकेट व खो-खो के अलावा विभिन्न खेलों में बच्चों व लोगों ने हाथ आजमाए।
जमकर की मस्ती
सोनीपत (हप्र) : पुलिस-प्रशासन व आमजन में सहयोग बढ़ाने के लिए रविवार को सेक्टर-15 आउटर रोड पर राहगीरी कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सभी ने जमकर मस्ती की। कार्यकम में जहां खेलकूद स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। वहीं, योग व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सभी ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम में सभी को प्रदूषण न फैलाने व जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने हरियाणवी गानों पर जमकर डांस किया। सेक्टर-15 में गेटवे स्कूल के पास आयोजित किए गए कार्यकम में सुबह 6 बजे से ही लोगों ने आना शुरू कर दिया था। कार्यक्रम की शुरुआत खेलकूद प्रतियोगिताओं व योग से हुई। दर्शकों ने भी अपने परंपरागत खेल का जमकर आनंद उठाया। रस्सी चढ़ने के लिए भी बच्चों में होड़ लगी रही। दूसरी तरफ डीजे के पास बनाई गई स्टेज पर सभी ने नृत्य का आनंद लिया। यहां हरियाणवी गानों की धुनों पर बच्चे जमकर थिरके। कार्यक्रम के दौरान खेल विभाग के प्रदीप पालीवाल ने कहा कि राहगीरी के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
The post प्रदूषण रोकना सबकी मौलिक, नैतिक जिम्मेदारी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2ObMh8D
via Latest News in Hindi


0 Comments