पटना में रविवार को बिहार के सीएम नीतीश कुमार और माइक्रोसॉफ्ट के सहसंस्थापक बिल गेट्स। -प्रेट्र

नयी दिल्ली, 17 नवंबर (एजेंसी)
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने कहा है कि भारत में अगले दशक में ‘काफी तेज गति’ से ‘आर्थिक वृद्धि’ हासिल करने की क्षमता है। विश्व के सबसे अमीर व्यक्ति गेट्स ने देश की ‘आधार’ से पहचान सुनिश्चित करने की प्रणाली की तारीफ की। साथ ही उन्होंने वित्तीय सेवा क्षेत्र और दवा क्षेत्र में देश के प्रदर्शन की सराहना की। एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत के बारे में गेट्स ने इस तरह की बातें ऐसे समय की हैं जब देश भारी आर्थिक नरमी के दौर से गुजर रहा है। कुछ विशेषज्ञों का तो यहां तक मानना है कि इस स्थिति के लंबे समय तक बने रहने की आशंका है। गेट्स ने कहा, ‘निकट भविष्य के बारे में तो मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है लेकिन मैं यह कह सकता हूं कि अगले एक दशक में काफी तेज वृद्धि की संभावनायें हैं। इससे काफी लोग गरीबी से बाहर निकलेंगे और सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में बढ़-चढ़ कर निवेश करने में सक्षम होगी।’ बिल गेट्स (64) शुक्रवार को एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए। उनकी कुल नेटवर्थ पूंजी 110 अरब डॉलर हो गई।
नीतीश से की मुलाकात
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के सह अध्यक्ष और ट्रस्टी बिल गेट्स ने रविवार को मुलाकात की और कहा कि बिहार के मुकाबले बहुत ही कम जगहें ऐसी हैं जिन्होंने गरीबी और बीमारी के खिलाफ अधिक प्रगति की है। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे की मौजूदगी में बिल गेट्स से मुलाकात के दौरान नीतीश ने कहा, ’हम, लोक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, सामुदायिक स्तर पर जन-व्यवहार परिवर्तन, स्वास्थ्य, पोषण एवं कृषि जैसे क्षेत्रों में अभिनव प्रयास को बढ़ाने में बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की सहभागिता से बहुत खुश हैं।

The post भारत तेजी से कर सकता है ‘आर्थिक वृद्धि’ हासिल : बिल गेट्स appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/37cOFo5
via Latest News in Hindi

0 Comments