फैसला ऐतिहासिक, सभी करें सम्मान
अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद लुधियाना में शनिवार को पुलिस फील्ड गंज स्थित जामा मस्जिद के बाहर कानून-व्यवस्था पर नजर रखते हुए। -हिमांशु महाजन
शिमला, 9 नवंबर (निस)
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अयोध्या मामले पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है। आज शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक फैसला है, जिसका सभी को सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि इस फैसले को किसी को भी हार या जीत के रूप में नहीं देखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से शान्ति, सौहार्द व एकता बनाए रखने की भी अपील की।
उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने फैसले पर संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि बहुप्रतीक्षित इस फैसले के बाद हिन्दू और मुस्लिम समुदाय में आपसी प्रेम और सौहार्द और बढ़ेगा। वीरभद्र सिंह ने कहा कि अयोध्या राम जन्मभूमि हमारी आस्था का प्रतीक रही है जहां हिन्दू और मुस्लिम आपसी प्रेमभाव से रहते आए हैं। उन्होंने कहा कि अब इस पर कोई भी विवाद खत्म समझा जाना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने मंदिर बनाने का मार्ग प्रशस्त करने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इस फैसले को किसी की जीत या हार की तरह नहीं देखा जाना चाहिए। ये हमारी न्याय प्रणाली की जीत है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर कहा कि कांग्रेस हमेशा ही इस पक्ष में रही है कि इस मसले का समाधान अदालत के फैसले द्वारा हो क्योंकि भगवान राम तो वचन की मर्यादा के लिये त्याग के प्रतीक हैं, सत्ता के भोग का नहीं। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों व समुदायों से आग्रह किया कि भारत के संविधान में स्थापित ‘सर्वधर्म सम्भाव’ तथा भाईचारे के उच्च मूल्यों को निभाते हुए अमन चैन का वातावरण बनाए रखें।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सर्वसम्मति से दिए ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय सर्व समावेशी और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने वाला है।
होशियारपुर (निस) : आज का दिन राम अयोध्या मामले पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले व करतारपुर कॉरिडार के शुभारंभ के चलते इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में भी लिखा जाएगा। उक्त विचार यूथ सिटीजन कौंसिल के प्रदेशाध्यक्ष डा. रमन घई ने जिला इकाई द्वारा सर्वोच्च न्यायालय को धन्यवाद देने के लिए रखे गए कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस फैसले में दोनों पक्षों की भावनाओं का सम्मान किया गया है तथा अब हमारा यह फर्ज बनता है कि हम अदालत के फैसले को मानते हुए हर हाल में आपसी भाईचारा और सदभाव बनाए रखें।
अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश
चंडीगढ़ (एजेंसी) : राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले पंजाब के अधिकारियों ने शनिवार को राज्यों में कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने डीजीपी दिनकर गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया और कहा कि शांति और सद्भाव कायम रखने के लिए वह हर संभव कदम उठाएं। उन्होंने पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों से कहा कि वह गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों पर नजर रखें और राज्य में कोई भी कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास करे तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। अमरेंद्र सिंह ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने का कोई काम नहीं करने की हिदायत दी।
The post फैसला ऐतिहासिक, सभी करें सम्मान appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Q0qsLs
via Latest News in Hindi
0 Comments