जम्मू में बस से पकड़ा 18 किलो विस्फोटक
सुरेश एस डुग्गर
जम्मू, 1 अक्तूबर
सेना ने मंगलवार को जम्मू बस स्टैंड के नजदीक एक बस से 18 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की। यह बस कठुआ जिले के बिलावर से जम्मू पहुंची थी। विस्फोट सामग्री के साथ नक्शा भी बरामद हुआ है, जिसमें बस स्टैंड, एयरपोर्ट और बाड़ी ब्राह्मणा सैन्य शिविर के बारे में जानकारी थी। बस के ड्राइवर और कंडक्टर समेत 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों ने बताया कि यह विस्फोटक सामग्री पैकेट में बंद थी। ड्राइवर और कंडक्टर से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि बिलावर की एक महिला ने उन्हें फारूक अहमद नाम के शख्स को जम्मू बस अड्डे पर यह पैकेट देने को कहा था। इसके लिए महिला ने उन्हें 200 रुपये दिए थे। बताया गया कि जिस शख्स को पैकेट दिया जाना था, उसे जम्मू शहर के सरवल से पकड़ लिया गया है, जबकि महिला की तलाश की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि यह विस्फोटक सामग्री जम्मू में आतंकवादियों तक पहुंचाई जानी थी। खुफिया एजेंसियों को इसकी भनक लग गई। बस जैसे ही जम्मू केसी थिएटर के नजदीक पहुंची, सेना ने उसे घेर लिया। तलाशी लेने पर विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने इस संबंध में खलील नाम के उस शख्स से भी पूछताछ की, जिसके घर से हाल ही में 30 किलो विस्फोटक मिला था। पुलिस को शक है कि बिलावर में ऐसे ओवरग्राउंड वर्कर मौजूद हैं, जो आतंकी संगठनों के लिए काम कर रहे हैं। दरअसल बिलावर किश्तवाड़ के अलावा पंजाब व हिमाचल से जुड़ा हुआ है। सुरक्षा एजेंसी इस दिशा में भी काम कर रही है कि कहीं ओवरग्राउंड वर्कर जम्मू में वारदात के लिए गोला-बारूद जमा तो नहीं कर रहे हैं।
The post जम्मू में बस से पकड़ा 18 किलो विस्फोटक appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2opJXkN
via Latest News in Hindi

0 Comments