ठेका बंद करवाने को लेकर हाथापाई
कपूरथला, 13 सितंबर (निस)
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के मद्देनज़र सुलतानपुर लोधी के स्वागती गेटों के पास खुले शराब के ठेके बंद करवाने को लेकर धरने पर बैठे संगठनों व शराब के ठेकेदारों के बीच टकराव हो गया। दोनों पक्ष तेजधार हथियार लेकर आमने-सामने हो गए। इससे पावन नगरी में माहौल तनावपूर्ण बन गया। इस पर थाना सुल्तानपुर लोधी व थाना तलवंडी चौधरियां की भारी पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला। पुलिस ने करीब 20-25 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया जिससे मामला शांत हुआ। लोहियां रोड पर स्वागती गेट के पास खुले ठेके को बंद करवाने की मांग को लेकर सुबह भारी संख्या में इंटरनेशनल पंथक दल पंजाब के कार्यकर्ता पहुंच गए व धरना शुरू कर दिया। इसके बाद लोहियां चुंगी पुल पर जाम लगा दिया। लगभग 3 घंटे यातायात प्रभावित हुआ। झड़प में कुछ लोगों को चोट लगने की भी सूचना है। इंटरनेशनल पंथक दल पंजाब के सूबा अध्यक्ष लखविंदर सिंह फिरोजपुर और सतनाम सिंह ने बताया कि इस पवित्र नगरी में उक्त ठेके बंद करवाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को मांगपत्र देकर निवेदन किया जा चुका है लेकिन ध्यान नहीं दिया।
एसपीएल वाइन के मालिक हरनेक सिंह विरदी ने कहा कि उनका ठेका नगर काउंसिल के अनुरूप पावन नगरी से बाहर है। वह ठेका 550वें प्रकाश पर्व के मद्देनजर एक माह या अधिक समय के लिए बंद करने को तैयार हैं, अगर विभाग उनकी फीस रिफंड करने को राजी हो। डीएसपी सुल्तानपुर लोधी सरवन सिंह बल ने कहा कि स्थिति को काबू में कर लिया गया है।
दोनों पक्षों में हुआ समझौता
शाम तक दोनों पक्षों का समझौता हो चुका था। हिरासत में लिए गए सिख संगठनों के कार्यकर्ताओं को भी हिरासत से छोड़ दिया गया था। एईटीसी कपूरथला दरबीर राज ने कहा कि फिलहाल उन्होंने ठेका बंद करवा दिया है।
The post ठेका बंद करवाने को लेकर हाथापाई appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2NZGQLf
via Latest News in Hindi
0 Comments