अनुच्छेद 370 साहसी पहल के लिए बधाई : आडवाणी
नयी दिल्ली, 5 अगस्त (एजेंसी)
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा, अनुच्छेद 370 को समाप्त करने का विषय भाजपा की विचारधारा का हिस्सा जनसंघ के समय से ही रहा है। यह राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने की दिशा में साहसी कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह को इस ऐतिहासिक पहल के लिए बधाई देता हूं। जम्मू, कश्मीर और लद्दाख की शांति, समृद्धि व प्रगति की प्रार्थना करता हूं।
महबूबा को भेजो जेल : शिवसेना
भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना ने सरकार के फैसले का समर्थन किया साथ ही पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर अनुच्छेद 35ए का विरोध करने वालों के खिलाफ आतंकवाद की भाषा बोलने के लिए संशोधित आतंकवाद निरोधी कानून के तहत मामला दर्ज करने की मांग की। शिवसेना ने कहा, महबूबा मुफ्ती ने कहा था कि अनुच्छेद 35ए को छूने वाले हाथ जला दिए जाने चाहिए और कश्मीरियों को बलिदान के लिए तैयार रहना चाहिए। देश के गृहमंत्री को उकसावे एवं विद्रोह की ऐसी भाषा को बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। यह आतंकवाद की भाषा है। उन्हें (मुफ्ती को) नये यूएपीए के तहत जेल भेज दिया जाना चाहिए..अगर ऐसा नहीं हुआ तो कश्मीर में दंगे कराने की उनकी साजिश कामयाब हो जाएगी।’
देश के लिए ऐतिहासिक दिन : दरगाह दीवान
अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह के दीवान जैनुल आबेदीन अली खान ने कहा कि आज का दिन स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा। अब बात पीओके पर होगी और कश्मीर का मसला समाप्त हो गया है। सरकार ने जनता से किया वादा पूरा किया है। कश्मीर के लिए अब तरक्की के रास्ते खुल गये हैं।
वामदल बोले- संघीय ढांचे की हत्या की
वामदलों ने कहा कि मोदी सरकार के इस कदम से लोकतंत्र और संघीय ढांचे की हत्या हुई है। माकपा पोलित ब्यूरो ने अपने बयान में कहा कि मोदी सरकार ने संविधान पर कुठाराघात किया है। भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिये यह दुर्भाग्यपूर्ण दिन है।
The post अनुच्छेद 370 साहसी पहल के लिए बधाई : आडवाणी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/33cOjvJ
via Latest News in Hindi
0 Comments