सोनीपत में रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए। -हप्र

सोनीपत, 2 जून (हप्र)
सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार रहे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबाेधित करते हुए कहा कि चुनाव में हार-जीत तो चलती रहती है, इससे निराश होने की जगह हार के कारणों को समझ कर उनमें सुधार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब तीन माह बाद फिर प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं और इसके लिए कार्यकर्ता कमर कस लें।
उन्होंने कहा कि सोनीपत की जनता ने हमेशा उनका साथ दिया है और इस चुनाव में भी 36 बिरादरी ने वोट किया। यह तो पूरे देश में मोदी लहर का असर था, वरना कार्यकर्ताओं ने तो उन्हें जीता कर ही भेजा है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा सोनीपत को अपना घर मानते हैं और यही वजह है कि वे यहां से चुनाव मैदान में उतरे थे। उन्होंने कहा कि एक चर्चा यह भी चलाई गई थी कि लोकसभा चुनाव के बाद वे यहां से वापस चले जाएंगे। लेकिन वे साफ करना चाहते हैं कि वे सोनीपत की जनता के साथ खड़े हैं और रहेंगे।
हुड्‌डा ने कहा कि जनता ने जो विश्वास उनमें जताया है, वे उसके लिए ऋणी हैं और हमेशा सोनीपत के लोगों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। इसके बाद मीडिया से मुखातिब हुए हुड्डा ने कहा कि इसमें कोई दोराय नहीं है कि रोहतक में सरकार के एक मंत्री ने खुलेआम चुनाव आचार संहिता की धज्जियां उड़ाई, लेकिन सीएम ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार होती, तो वे ऐसे मंत्री को तुरंत बर्खास्त कर देते। उन्होंने कहा कि भले ही प्रदेश में कांग्रेस का संगठन न हो, पर कार्यकर्ता बेहद मजबूत हैं और हर बूथ पर लड़ाई लड़ रहा है। इस मौके पर वरिष्ठ नेता धर्मपाल मलिक, विधायक कुलदीप शर्मा, श्रीकृष्ण हुड्‌डा, जगबीर मलिक, जयतीर्थ दहिया, जयबीर बाल्मकि व अन्य उपस्थित रहे।
इतना भी गुमान ना कर जीत पर ऐ बेखबर शहर में तेरी जीत से ज्यादा मेरी हार के चर्चे हैं…
जींद (हप्र): पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यहां कहा कि लोकसभा चुनाव में हम केवल एक मोर्चे पर हारे हैं, युद्ध नहीं हारे। युद्ध आगामी विधानसभा चुनाव में होगा और स्थानीय मुद्दों पर होगा, जिसमें निश्चित रूप से कांग्रे पार्टी विजयश्री हासिल करेगी। हुड्डा रविवार को यहां जींद,जुलाना व सफीदों विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। हुड्डा ने जीत से गदगद भाजपा नेताओं को शायराना अंदाज में जवाब दिया, इतना भी गुमान ना कर अपनी जीत पर ऐ बेखबर, शहर में तेरी जीत से ज्यादा मेरी हार के चर्चे हैं … इस मौके पर विधायक जगबीर मलिक, पूर्व मंत्री रामभज लोधर,पूर्व सीपीएस रणसिंह मान, पूर्व विधायक रणधीर धीरा, प्रो.वीरेंद्र सिंह, कर्मवीर सैनी व अन्य मौजूद रहे।

The post हार-जीत ताे चलती रहती है निराश न हों, कारणों को समझें appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/314HgUX
via Latest News in Hindi

0 Comments