मुख्यमंत्री जनता के काम और सेवा करें तो बदल जाएगी मेरी भाषा
भिवानी की जाट धर्मशाला में रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए। -हप्र
भिवानी, 2 जून (हप्र)
इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने एक बार फिर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को सरकार चलाने का अनुभव नहीं है। मैं कहता हूं तो सीएम बुरा मानते हैं, लेकिन ये सच है कि हरियाणा में बेकार व नकारा पशुओं को खट्टर कहते हैं। चौटाला ने कहा कि मुझे खुशी होगी कि सीएम खट्टर न रहकर लोगों के काम करें और जनता की सेवा करें। वे ऐसा करेंगे तो मेरी भाषा अपने आप बदल जाएगी। साथ ही उन्होंने मीडिया से कुछ ‘उल्टा-सीधा’ न छापने या दिखाने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन प्रदेश की जनता का नुकसान हो जाएगा।
चौटाला रविवार को जाट धर्मशाला में इनेलो के जिला कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अक्तूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में इनेलो की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी लेकिन गद्दार, धोखेबाज व लुटेरों को पार्टी में नहीं लिया जाएगा। चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में आने के बाद घोषणा पत्र को खोल कर भी नहीं देखा। आज के सत्ताधारियों को देश या प्रदेश के किसी वर्ग से कोई लगाव नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री की तुलना हिटलर से करते हुए कहा कि दुनिया में आज तक का सबसे बड़ा तानाशाह हिटलर रहा है, लेकिन उसने अपने देश को दुनिया का सबसे ताकतवर व विकसित देश बनाया पर हमारे पीएम व सीएम किसी का कोई काम नहीं करते। इस अवसर पर इनेलो जिला अध्यक्ष सुनील लाम्बा, धर्मपाल ओबरा व अन्य मौजूद रहे।
वनवास होगा खत्म
झज्जर (हप्र): इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि 14 वर्ष के बाद जैसे भगवान राम को राजतिलक हुआ था, उसकी प्रकार इनेलो ने 15 साल का वनवास काटा है और अब अगली सरकार इनेलो की बनेगी। वे यहां कार्यकर्ता बैठक को संबोधित कर रहे थे।
सरकार बनने पर इनेलो वर्करों का आर्थिक संकट खजाने से करेंगे पूरा : चौटाला
चरखी दादरी (निस) : इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि पार्टी की सरकार बनते ही कार्यकर्ताओं का आर्थिक संकट की भरपाई सरकारी खजाने से की जाएगी। सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता ही प्रत्याशी दें, अगर गरीब प्रत्याशी है तो झोली फैलाकर पैसे एकत्रित करके जीत दिलवाएंगे। चौटाला चरखी दादरी में पार्टी कार्यालय में वर्करों की मीटिंग को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नाराज व दूसरे दलों के अच्छे लोगों को पार्टी से जोड़ने को कहा। भाजपा की सरकार में अधिकारी मानते नहीं हैं, सरकार चलाना भाजपा के वश की बात नहीं है। इस मौके जिलाध्यक्ष विजय पंचगांव, पूर्व विधायक रणबीर मंदोला, रघुबीर छिल्लर, प्रदेश प्रवक्ता सुखवन्त दांगी मौजूद थे।
The post मुख्यमंत्री जनता के काम और सेवा करें तो बदल जाएगी मेरी भाषा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2KribO9
via Latest News in Hindi
0 Comments