चंडीगढ़, 2 जून (ट्रिन्यू)
लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद जहां कांग्रेस, इनेलो, जजपा अपनी हार के कारणों पर मंथन कर रही है, वहीं प्रदेश में पहली बार आम चुनाव में क्लीन स्वीप करने वाली भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रशासनिक अमले की कार्यशैली में तेजी लाने के साथ ही अब फील्ड में भी तेजी से भाजपा के पक्ष में बने माहौल को भुनाने की तैयारी में हैं। 5 जून से मुख्यमंत्री हर जिले में पहुंचेंगे तथा कार्यकर्ताओं के बढ़े हुए जोश का सम्मान करने के साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक जमीन को मजबूत करेंगे।
यह है कार्यक्रम
लोकसभा चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटें भाजपा की झोली में आने से गद‍्गद‍् मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस जीत में प्रदेश से लेकर बूथ और पन्ना प्रमुख स्तर तक अहम भूमिका निभा चुके पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के लिए कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह आयोजित करेंगे। 5 जून से प्रारंभ हो रहे इस अभियान के लिए अब तक 19 जिलों के अभियान की योजना तैयार हो चुकी है। इन आयोजनों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ संबंधित लोकसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित सांसद, जिला प्रभारी मंत्री, जिला के सभी जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
हिसार से शुरू होंगे अभिनंदन समारोह, फरीदाबाद में खत्म
कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह का आगाज मुख्यमंत्री 5 जून को हिसार और पंचकूला से करेंगे। इसके बाद 6 जून को करनाल, 7 को फतेहाबाद, 8 को झज्जर व महेंद्रगढ़, 9 जून को अम्बाला, 11 जून को भिवानी, 12 जून को गुरुग्राम एवं रेवाड़ी, 13 जून को पानीपत, 14 जून को नूंह, 15 जून को कुरुक्षेत्र, 16 जून को पलवल, 18 जून को सिरसा, 19 जून को सोनीपत, 21 जून को चरखी दादरी व 22 जून को यमुनानगर एवं कैथल में अभिनंदन समारोह में पहुंचेंगे। इसके अतिरिक्त रोहतक, जींद एवं फरीदाबाद जिलाें में कार्यक्रम की तारीख जल्द तय की जाएंगी।

विकास के मुद्दे पर लड़ेंगे, 70 सीटें जीतेंगे
भिवानी (हप्र): भाजपा ने हरियाणा में विकास कराया है और इसी मुद्दे पर विधानसभा चुनाव लड़ कर 70 सीटें जीतेगी। शिक्षा एवं पयर्टन मंत्री रामबिलास शर्मा ने यह बात कही। वे यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में हरियाणा के मंत्रिमंडल को लेकर निर्णय होगा क्योंकि एक मंत्री अब लोकसभा सांसद बन गए है। शर्मा ने कहा कि पार्टी लोकसभा चुनाव की भांति विस चुनाव भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का एजेंडा धारा 370 को हटाने का है और इस संबंध में उनका केन्द्रीय नेतृत्व जरूर फैसला लेगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मेरिट के आधार पर नौकरियां दी हैं तथा युवा अब पढ़ने लगा है और नौकरी भी लगने लगा है।

The post 5 से हर जिले में पहुंच चुनाव की जमीन तैयार करेंगे खट्टर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/312yDu4
via Latest News in Hindi

0 Comments