एजाज (सीरिया), 3 जून (एजेंसी)
पश्चिमोत्तर सीरिया में विद्रोहियों के नियंत्रण वाले शहर एज़ाज़ में भीड़-भाड़ वाले बाजार और एक मस्जिद के पास किए गए कार बम हमले में 19 लोगों की मौत हो गई। ‘सीरियन ऑबजर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’ का कहना है कि रविवार को अलेप्पो प्रांत में तुर्की के प्रभाव वाले क्षेत्र एज़ाज़ में हुए इस हमले में 4 बच्चों की भी मौत हो गई। संस्था का कहना है कि हमले में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। संस्था के प्रमुख रमी अब्दुल रहमान ने कहा,‘शाम की नमाज़ के बाद बड़ी संख्या में लोग बाहर निकल रहे थे, उसी वक्त विस्फोट हुआ।’ स्थानीय अस्पताल के अधिकारी जिहाद बेरो ने बताया कि पास के बाजार में ईद की खरीदारी कर रहे लोग भी विस्फोट के शिकार हुए हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल विस्फोट में मारे गए लोगों और घायलों के रिश्तेदारों से पूरी तरह भरा हुआ है।
उन्होंने बताया,‘आपातकालीन कक्ष पूरी तरह भरे हुए हैं और शवों को हमने जमीन पर रखा है। ईद की छुट्टी से पहले यह वास्तव में आपदा है।’ हमले के पीछे किसका हाथ है, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

The post सीरिया के एजाज़ में कार बम विस्फोट, 19 की मौत appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2MpvHnX
via Latest News in Hindi

0 Comments