एक जून, 1912 को मुंबई से पेशावर के बीच शुरू हुई थी पंजाब मेल।

मुम्बई, 1 जून (एजेंसी)
देश की लंबी दूरी की सबसे पुरानी रेलगाड़ियों में से एक पंजाब मेल ने शनिवार को 107 बरस पूरे कर लिये। एक जून को ही मुम्बई और पुणे को जोड़ने वाली डेक्कन क्वीन का भी जन्मदिन है। यह प्रसिद्ध रेलगाड़ी शनिवार को 89 बरस की हो गई। एक समय ‘पंजाब लिमिटेड’ के नाम से पुकारी जाने वाली पंजाब मेल की शुरुआत 1 जून, 1912 को मुंबई से पेशावर (अब पाकिस्तान का शहर) के बीच हुई थी।
पंजाब मेल शुरूआत में श्वेत ‘साहबों’ को सेवाएं देती थी, जल्द ही इसमें निचले वर्ग के लोगों को भी सफर करने की अनुमति मिल गई। 1945 में इसे वातानुकूलित किया गया। अब यह बिजली के इंजन से चलती है।

मुंबई में शनिवार को डेक्कन क्वीन ट्रेन के जन्मदिन पर एक-दूसरे को केक खिलातीं महिलाएं। -प्रेट्र

मध्य रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुनील उदासी ने बताया कि विभाजन से पहले पंजाब मेल मुम्बई के बलार्ड पियर मोल स्टेशन से पेशावार के बीच चलती थी। यह ब्रिटिश भारत की सबसे तेज रफ्तार वाली रेलगाड़ी के रूप में जानी जाती थी। अब यह ट्रेन मुम्बई से फिरोजपुर छावनी के बीच चलती है। वहीं, डेक्कन क्वीन की शुरुआत एक जून, 1930 को मध्य रेलवे के अग्रदूत ग्रेट इंडियन पेनिन्सुला रेलवे ने की। उदासी ने कहा कि यह पहली डीलक्स ट्रेन थी, जो क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ती थी। इसका नाम उस समय क्वीन ऑफ डेक्कन कहे जाने वाले पुणे के नाम पर रखा गया था।

The post 107 साल की पंजाब मेल और 89 की हुई डेक्कन क्वीन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2wv0Yei
via Latest News in Hindi

0 Comments