चंडीगढ़, 29 अप्रैल (ट्रिन्यू)

चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा स्थित डंपिंग ग्राउंड में साेमवार को लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी। -मनोज महाजन

यहां डड्डूमाजरा में सोमवार को डंपिंग ग्राउंड में जमा कचरे में अचानक आग लग गई। हवा के कारण धुआं साथ लगती डड्डूमाजरा कालोनी में फैल गया व लोग घरों से बाहर निकल आये। लोगों का कहना था कि डंपिंग ग्राउंड में कचरे के ढेर के नीचे जमा जहरीली गैसों के कारण अकसर आग लगती रहती है पर आज ज्यादा ही फैल गई। फायर एवं एमरजेंसी विभाग के अनुसार उन्हें दोपहर करीब 2.15 पर डंपिंग ग्राउंड में आग लगने की सूचना मिली थी जिस पर काबू पाने के लिए दो अग्निशमन वाहन व दो वाटर बूस्टर भेजे गए। स्टेशन फायर आफिसर के नेतृत्व में आग पर काबू पाने में 3 घण्टे लगे। करीब 8 बजे आग पर काबू पाया गया पर धुआं फिर भी उठता रहा।
आसपास रहने वाले लोगों ने कहा कि वे डंपिंग ग्राउंड को यहां से हटाने की लम्बे समय से मांग कर रहे हैं पर कोई सुनवाई नहीं कर रहा। अब तो कालोनी के बाहर बोर्ड लगा दिया है कि वोट मांगने वाले इधर न आयें।

ट्रांसफार्मर व जेनरेटर में लगी आग
मोहाली (निस) : बिजली तारों में शार्ट सर्किट होने से क्षेत्र में कई जगह फसल जल चुकी है। दूसरी तरफ ट्रांसफार्मर, जेनरेटरों व एसी में लोड बढ़ने के कारण भी आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को पहुंच रही हैं। सोमवार दोपहर फेज-1 स्थित गुरुनानक स्वीट्स शोरूम की छत पर रखे ट्रांसफार्मर को अचानक आग लग गई। सूचना के बाद पहुंचे फायर आफिसर कर्मचंद सिंह व टीम ने कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पाया। फायर आफिसर कर्मचंद सिंह ने बताया कि डीसी दफ्तर के बाहर भी मेन रोड पर पंजाब स्टेट पावर कार्पोरेशन लिमिटेड के टावर का जंपर सुबह 11.50 के आसपास अचानक टूट गया। जिस कारण तारों के टकराने से शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। बिजली की 8 मोटी तारें जल गईं जो अंडरग्राउंड थीं। टावर के नीचे खड़े कई वाहनों को भी आग लगने से बचाया गया। तारें जलने से सोहाना, फेज-8 बी, सेक्टर -88, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 सहित कई इलाकों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही।

 

The post डंपिंग ग्राउंड के कचरे में लगी आग appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2LcoHKw
via Latest News in Hindi

0 Comments