नई दिल्ली : राजौरी गार्डन के सीवेज ट्रीटमेंट यूनिट में शनिवार को दो सफाई कर्मियों की जहरीली गैस से दम घुटने से मौत मामले में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए केजरीवाल पर निशाना साधा है। मनोज तिवारी ने इस घटना पर केजरीवाल के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही के लिए अरविंद केजरीवाल जिम्मेदार हैं। इसलिए उन्हें अपने पद से भी इस्तीफा दे देना चाहिए।

तिवारी ने कहा कि यह घटना बहुत दुखद है और केवल बड़ी-बड़ी बातें करने से कोई व्यक्ति सफाई कर्मियों का हितैषी नहीं हो जाता है। इसके लिए काम करना पड़ता है, लेकिन केजरीवाल इस मामले में पूरी तरह फेल हैं। इस दुखद घटना ने केजरीवाल की झूठी संवेदनाओं की पोल खोल दी है। वे जान-बूझकर सफाई कर्मियों की जान से खेल रहे हैं। ऐसे में जांच एजेंसी उन्हें भी जिम्मेदार मानते हुए कार्रवाई करें क्योंकि कर्मचारी बिना सुरक्षा उपकरण के सीवर की सफाई करते हैं जिससे उनकी मौत हो रही है।

इस मामले में केजरीवाल पर हत्या की साजिश रचने का मामला दर्ज होना चाहिए। तिवारी ने सफाई कर्मियों के लिए वेतन व आधुनिक उपकरण देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मी हमारे लिए बहुत जरूरी हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा भी सर्वोपरी होना चाहिए। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने इस मामले में दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल को एक पत्र के माध्यम से सीवर सफाई के दौरान सफाई कर्मचारियों की मौत के मामलों में हो रही वृद्धि की ओर आकृष्ट किया।

उन्होंने मांग की कि उप राज्यपाल संबंधित विभागों दिल्ली जल बोर्ड, पुलिस एवं नगर निगमों के स्वास्थ्य विभागों की एक संयुक्त बैठक बुलाकर सफाई कर्मियों को उनके कार्य के खतरों के प्रति जागरूक करने एवं उन्हे सुरक्षा किट उपलब्ध कराने के लिए एक कार्य योजना बनाएं।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2JA2SUk
via Latest News in Hindi

0 Comments