नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधि मण्डल ने शनिवार को मुख्य चुनाव अधिकारी दिल्ली से मिलकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के अन्य नेताओं द्वारा अपने ट्विटर हैंडल से सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म का दुरुपयोग कर धार्मिक उन्माद तथा असंतोष फैलाने की चेष्टा के खिलाफ शिकायत की।

विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल हरियाणा के गुरुग्राम जिले में एक मार-पिटाई की घटना का विडियो दिखाते हुए अपने ट्विटर के माध्यम से उकसा रहे हैं कि ‘ये विडियो देखिए। हमारे कौन से ग्रंथ में लिखा है कि मुसलमानों को मारो? गीता में? रामायण में? हनुमान चालीसा में? ये लोग हिंदू नहीं हैं, हिंदुओं के रूप में गुंडे हैं।

इनकी पार्टी लुच्चे, लफंगे, गुंडों की फौज है। इनसे देश और हिंदू धर्म दोनों को बचाना हर भारतवासी का फर्ज है’? उन्होंने कहा कि एक मारपीट की घटना जिसके खिलाफ गुरुग्राम जिला प्रशासन ने उपयुक्त कार्रवाई की है, उसे मुख्यमंत्री कजरीवाल द्वारा किस तरह से धार्मिक रंग देकर दो समुदायों के लोगों की भावनाओं को भड़काने का कार्य किया गया है। इसकी प्रतिक्रिया ट्विटर पर भी देखी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल और उनकी आम आदमी पार्टी के अन्य बड़े नेता जिस तरह से अपने ट्वीट से समाज में वैमनस्य फैला रहे हैं उनका परिणाम इन चुनावों में दुः खद हो सकता है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त दिल्ली से अनुरोध तथा मांग की है कि वे दिल्ली में सत्ताधारी दल द्वारा इस तरह के समाज में दरार पैदा करने वाले बयानों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें जिससे चुनावों में धार्मिक उन्माद व तुष्टीकरण की राजनीति से बचा जा सके। विजेन्द्र गुप्ता ने जनता से भी अपील की आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा दिए जा रहे इस तरह के गैर जिम्मेदाराना तथा असंवेदनशील दुष्प्रचार का शिकार न हों।

नया भारत है, धर्म के नाम पर नहीं, देश विकास के नाम पर मत तय करेगा : तिवारी



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2CAzcAt
via Latest News in Hindi