शमीम शर्मा

कभी नहीं सोचा था कि मूंछों पर भी आंच आ सकती है। और वह भी दुनियाभर के मर्दों पर एक साथ। अब सारी मूंछों पर मास्क सवार हो गया है। अब मूंछ वाले और मूंछ मुंडे एक जैसे हो गये हैं। नेताओं की मूंछों पर तो हमेशा ताव रहेगा ही चाहे वे पर्दे में या पर्दे से बाहर।
बचपन में कॉपी-किताबों पर कवर चढ़े अखबारों पर छपी लड़कियांे की तस्वीरों पर दाढ़ी-मूंछ बनाने का मजा लिया करते। तब यह नहीं सोचा था कि मूंछों पर कभी संकट भी आ सकता है। मूंछों पर ताव देना मर्दानगी की निशानी मानी जाती है। कहावत है कि बंदरों को जो प्यार अपनी पूंछ से होता है, वही मर्दों को अपनी मूंछ से होता है। किसी को चेतावनी देनी हो तो शर्त के तौर पर आदमी यही कहते मिलेंगे कि गर ऐसा न हुआ तो मूंछ कटवा लूंगा। मूंछ नीची होना अपमान का सूचक मानी जाती रही है।
अचानक ही मास्क का मूंछों पर राज हो गया है। राजस्थान के मेलों में मूंछों की प्रतियोगिताओं का पता नहीं अब क्या होगा? वे लोग जो कई-कई मीटर लंबी मूंछ रखकर विश्व प्रसिद्ध हो गये थे अब नेपथ्य में चले गये हैं। एक बार हरियाणा रोडवेज की बस में एक ताऊ खिड़की के साथ लगती सीट पर बैठा था। पास बैठी एक बूढ़ी महिला ने आग्रह किया कि ज़रा उसे शीशे वाली सीट के पास बैठ लेने दंे। तो ताऊ पड़ते ही बोला—क्यूं के दाड़ी-मूंछ बणावैगी?
‘मूंछें हों तो नत्थूलाल जैसी’ डायलॉग हरेक की जुबान पर है। पर अब नत्थूलाल पता नहीं किस स्टाइल में होगा? इसके बाद जिसकी मूंछों को प्रसिद्धि मिली वह था अभिनंदन जो पाकिस्तान की ज़मीं पर गिरने के बाद भी सुरक्षित लौट आया था। उसका मूंछ पैटर्न अपनाने वाले नवयुवकों की कतार लग गई थी। अब तो लगता है कि नाई भाई भी असमंजस में पड़ गये होंगे कि मूंछों के स्टाइल कैसे बरकरार रखंे।
000
एक बर की बात है अक ताई रामप्यारी लोकडाउन खुलण की खुशी मैं पड़ोस मैं खीर खाण का न्यौता दे आई। खीर बनाण खात्तर हलवाई बुला लिया। थोड़ी हाण मैं वा गांम के पांच-सात और नौत आई अर आकै हल्वाई तै बोल्ली—एक लौटा पानी का और गेर लिये, कदे खीर कम रह ज्यै। थोड़ी देर बाद गली मैं उसनैं दो-चार जानकार और मिलगे तो फेर बोल्ली—एक लौटा पानी का और गेर लिये। या बात सुणकै हल्वाई खीर की कड़ाही ठाकै जाण लाग्या तो रामप्यारी बोल्ली—कित चाल्या? हल्वाई बोल्या—खीर नैं मैं जोहड़ मैं गेर आऊं, सारा गांम-गुहांड उड़ै ए खा लेगा।

The post मूंछ के ताव पर कोरोना की आंच appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2XPplSj
via Latest News in Hindi

0 Comments