ऑनलाइन मंच पर हुनर हो … जो हो रहा है होने दो
यह नजारा मेक्सिको का है जहां कोरोना वायरस से लड़ रहे और पीड़ितों के उपचार में जुटे लोगों का हौसला बढ़ाने के लिए एक बैंड के लोग खास धुन बजा रहे हैं। – एएफपी
कोलकाता/पणजी, 8 अप्रैल (एजेंसी)
लॉकडाउन के इस दौर में बच्चों को लेकर लोग चिंतित हैं। स्कूल बंद। खेलकूद बंद और दोस्तों का साथ नहीं। नये शैक्षणिक सत्र से ठीक पहले घर में बंदी के कारण बच्चे और उनके अभिभावक परेशान हैं। ऐसे में बच्चों के हुनर को पंख देने के लिए कई संगठन आगे आये हैं। विभिन्न प्रतियोगिताएं, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का ऑनलाइन आयोजन किया जा रहा है। कोलकाता में ऑनलाइन चित्रकला, संगीत, कविता लेखन कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इसके लिए वेबसाइट पर उनका पंजीकरण किया जा रहा है और उनकी रुचियां पूछी जा रही हैं। इसका मकसद बच्चों को थोड़ी खुशी का अहसास कराना और उनके चेहरे पर मुस्कुराहट लाना बताया जा रहा है।
इस बीच, गोवा के जाने-माने लेखक, संगीतकार और गायक सिद्धनाथ बुयाओ ने कोंकणी में एक गीत ऑनलाइन जारी किया, जिसका शीर्षक है ‘कीतेम जाता ते जाव’ (जो भी हो रहा है, होने दो) गाने में लोगों से घर पर रहने और कोरोना वायरस से लड़ने में मदद करने का आग्रह किया गया है। गोवा के दिग्गज गायक दिवंगत उल्हास बुयाओ के पुत्र सिद्धनाथ बुयाओ ने बताया कि संगीत के माध्यम से जागरूकता फैलाना वास्तव में इन परिस्थितियों में काम करता है। पुलिस उपाधीक्षक सैमी तवरेस गोवा की सड़कों पर भी यह गीत गाकर लोगों को लॉकडाउन का पालन करने के लिए कह रहे हैं। गीत ने पणजी शहर के महापौर उदय मडकाइकर को भी प्रोत्साहित किया, जो गायक नहीं हैं। उन्होंने पहली बार गाने के लिए अपनी आवाज दी, जिसका वीडियो एक दिन के भीतर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ऐसी ही पहल कई अन्य जगहों पर भी हो रही हैं।
स्कूल भी चल रहे इंटरनेट से
नयी दिल्ली/चंडीगढ़ : आम दिनों में अप्रैल में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाता है, लेकिन कोरोना के चलते आजकल स्कूल बंद हैं। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब समेत अनेक जगहों पर ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हो गयी हैं। कोचिंग सेंटरों की ओर से भी ऐसे ही क्लासेज चल रही हैं। पिछले दिनों सीबीएसई ने भी स्कूलों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे।
The post ऑनलाइन मंच पर हुनर हो … जो हो रहा है होने दो appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2JRWZPK
via Latest News in Hindi
0 Comments