राहत की खबर हिमाचल में 2 दिन से कोई नया केस नहीं
शिमला में सोमवार को कोरोना संकट को लेकर वीडियो कांफ्रेंिसंग के जरिये करते मंत्रियों, सांसदों से बातचीत करते सीएम जयराम ठाकुर। -दैनिक ट्रिब्यून
ज्ञान ठाकुर/निस
शिमला, 13 अप्रैल
कोरोना महामारी भले ही देश में लगातार पैर पसार रही है और संक्रमित मामलों के साथ-साथ मरने वालों की संख्या भी दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद हिमाचल वासियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। बीते दो दिनों से राज्य में कोरोना का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है और प्रदेश में केवल 15 लोग ही कोरोना संक्रमित रह गए हैं जबकि 12 लोगों की सफल इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। हिमाचल में अभी तक 32 कोरोना पॉजिटिव मामले पाए गए हैं, उनमें से चार राज्य के बाहर उपचार करा रहे हैं जबकि एक रोगी की मौत हो चुकी है। हिमाचल में अभी तक कुल 5687 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। इनमें से 3486 ने 28 दिनों की जरूरी क्वारंटाइन अवधि पूरी कर ली है। प्रदेश में अभी तक कुल 1210 लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए हैं। इनमें से 1109 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। प्रदेश में ऊना में अभी तक कोरोना के सबसे अधिक 14 मामले सामने आए हैं जबकि सोलन जिला में 9 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। चंबा और कांगड़ा जिलों में चार-चार कोरोना पॉजिटिव मामले पाए गये जबकि सिरमौर में सिर्फ एक मामला पॉजिटिव पाया गया है। बिलासपुर, हमीरपुर, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल स्पिति, मंडी और शिमला जिले अभी तक कोरोना वायरस से पूरी तरह अछूते हैं।
हिमाचल में 23 मार्च से सरकार ने लॉकडाउन घोषित कर दिया था तथा 25 मार्च से अनिश्चतकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया था। इसके बाद से प्रदेश के बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति को राज्य में आने की इजाजत नहीं दी जा रही है और जो लोग प्रदेश में आना चाहते हैं उन्हें सीमा पर ही क्वारंटाइन किया जा रहा है। यही नहीं, सरकार ने एक जिले से दूसरे जिले में जाने पर भी रोक लगा दी है, जिसके चलते संक्रमण को काफी हद तक नियंत्रण करने में सरकार सफल रही है। इस बीच प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा कि प्रदेश सरकार कोविड के खिलाफ लड़ाई जीतने के लिए प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग पूरी कर्तव्य निष्ठा से काम कर रहा है।
यही कारण है कि प्रदेश में या तो कोरोना के बहुत कम मामले हैं या नए मामले आना दो दिनों से बंद हो गए हैं।
जयराम ठाकुर ने की मंत्रियों, सांसदों से मंत्रणा
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार कोरोना महामारी से निपटने के लिए विभिन्न उपाय अपनाए हैं और लोगों को घर-द्वार पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री आज शिमला से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंत्रियों, सांसदों, भाजपा अध्यक्षों व पिछले विधानसभा चुनावों के भाजपा प्रत्याशियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भीड़ कम करने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए 24 मार्च से पूरे प्रदेश में कर्फ्यू लगा दिया था। उन्होंने कहा कि अब तक 1113 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई है, जिनमें से 32 की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इन 32 लोगों में से 12 मरीजों का इलाज हो चुका है, चार प्रदेश से बाहर जा चुके हैं और एक की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कोविड-19 के केवल 15 एक्टिव मामले हैं।
एक वर्ष तक 30 प्रतिशत वेतन-भत्ते काटने का फैसला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रियों, विधानसभा उपाध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सदस्यों, विभिन्न बोर्डों व निगमों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों
और अन्य राजनीतिक तौर पर नियुक्त व्यक्तियों के वेतन और भत्तों को एक वर्ष तक 30 प्रतिशत तक काटने का निर्णय भी लिया गया है।
The post राहत की खबर हिमाचल में 2 दिन से कोई नया केस नहीं appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2xge973
via Latest News in Hindi
0 Comments