राष्ट्रीय शिविर बंद, जारी रहेगी ओलंपिक की तैयारी
नयी दिल्ली, 17 मार्च (एजेंसी)
कोविड 19 महामारी के कारण सभी राष्ट्रीय शिविर आगामी आदेश तक स्थगित कर दिये गए हैं हालांकि टोक्यो ओलंपिक की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के शिविर जारी रहेंगे। वहीं भारतीय खेल प्राधिकरण अपने प्रशिक्षुओं के घर लौटने का बंदोबस्त कर रहा है। खेलमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र और भारतीय खेल प्राधिकरण के केंद्रों पर अकादमीय प्रशिक्षण भी निलंबित रहेगा। ओलंपिक इस साल जुलाई अगस्त में होने हैं। रीजीजू ने ट्वीट किया, ‘कोविड 19 के चलते साई ने तय किया है कि सभी राष्ट्रीय शिविर स्थगित रहेंगे। ओलंपिक की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के शिविर जारी रहेंगे।’ उन्होंने लिखा, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र और एसटीसी भी आगामी आदेश तक बंद रहेंगे।’
रिजिजू ने कहा कि यह कदम अस्थायी और एहतियाती है और हालात सुधरने पर प्रशिक्षण बहाल कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा, ‘यह अस्थायी और एहतियातन उठाया गया कदम है। मैं सभी युवा खिलाड़ियों से अपील करता हूं कि दिल छोटा नहीं करें। हम हालात की समीक्षा करके जल्दी ही अकादमीय प्रशिक्षण फिर शुरू करेंगे।’
बाद में साई ने कहा कि मंजूरी मिलने और प्रतिबंध वापस लिये जाने तक कोई टूर्नामेंट, खेल समारोह, सेमिनार या कार्यशाला का आयोजन नहीं किया जायेगा। होस्टल सुविधा हालांकि 20 मार्च तक चालू रहेगी ताकि खिलाड़ियों को असुविधा नहीं हो। साई ने कहा कि अगले कुछ दिन में जिन खिलाड़ियों की परीक्षा है, उन्हें केंद्र पर रहने और इम्तिहान देने की अनुमति रहेगी। भारत में अभी तक निशानेबाजी विश्व कप और इंडिया ओपन गोल्फ स्थगित किया गया है। वहीं बैडमिंटन का इंडिया ओपन भी रद्द कर दिया गया। कुछ दिन पहले ही सरकार ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धाओं के संबंध में दो परामर्श जारी किये थे।
बिना दर्शकों के होंगे राष्ट्रीय टूर्नामेंट
मंत्रालय ने कहा था कि टोक्यो ओलंपिक क्वालीफायर के लिये विदेश में खेल रहे खिलाड़ी अपना अभ्यास जारी रखेंगे। रिजिजू ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय टूर्नामेंटों पर कोई प्रतिबंध नहीं है लेकिन वे बिना दर्शकों के होंगे। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ इंडियन ग्रां प्री का आयोजन कर रहा है जो ओलंपिक क्वालीफायर भी है। यह 20 मार्च से शुरू होगा और दर्शकों के बिना खेला जायेगा। बीसीसीआई, भारतीय मुक्केबाजी महासंघ और अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ समेत राष्ट्रीय खेल महासंघों ने घर से काम करने का फैसला लिया है।
स्वदेश लौटेंगे एथलीट नीरज, शिवपाल
टोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके भाला फेंक के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा कोविड-19 महामारी को देखते हुए तुर्की में अपने अभ्यास स्थल से स्वदेश लौटेंगे। 22 वर्षीय चोपड़ा पिछले एक महीने से तुर्की में अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने पिछले साल कोहनी की चोट से उबरने के बाद दक्षिण अफ्रीका में एक प्रतियोगिता में 87.86 मीटर भाला फेंककर टोक्यो खेलों के लिये क्वालीफाई किया था। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ‘तुर्की 18 मार्च को अपनी सीमाएं बंद कर रहा है और नीरज को उससे पहले वापस आना होगा। वह बुधवार को स्वदेश पहुंच रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘वह (नीरज) डायमंड लीग के 17 अप्रैल को होने वाले दोहा चरण में भी हिस्सा नहीं लेंगे।’ डायमंड लीग के आयोजकों ने मंगलवार को घोषणा की कि डायमंड लीग की पहली तीन प्रतियोगिताएं स्थगित कर दी गयी हैं। इनमें से पहली प्रतियोगिता दोहा में होनी थी। एक अन्य भाला फेंक खिलाड़ी शिवपाल सिंह भी दक्षिण अफ्रीका में अपने अभ्यास स्थल पोटचेफ्सट्रूम से वापस लौट रहे हैं। शिवपाल भी टोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके हैं। एएफआई अधिकारी ने कहा, ‘‘शिवपाल भी दक्षिण अफ्रीका से लौट रहे हैं। कोई भी भारतीय विदेशों में अभ्यास नहीं करेगा। ऐसी स्थिति में कहा नहीं जा सकता कि कब कोई देश अपनी सीमाएं बंद कर दे या उड़ान रद्द कर दे। हम कोई जोखिम नहीं उठा सकते।
‘ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मिले अभ्यास की अनुमति’
कोविड-19 के कारण सभी खेल गतिविधियां बंद हैं और ऐसे में भारत के पूर्व मुख्य बैडमिंटन कोच विमल कुमार ने मंगलवार को सरकार से आग्रह किया कि वह ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को जरूरी परीक्षण के बाद खेलने की अनुमति दे। तेलंगाना और कर्नाटक सरकारों के दिशानिर्देशों के कारण हैदराबाद में पुलेला गोपीचंद अकादमी और बेंगलुरू में प्रकाश पादुकोण अकादमी दो सप्ताह के लिये बंद कर दी गयी हैं। रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता पी वी सिंधू, पुरुष एकल खिलाड़ी बी साई प्रणीत और पुरुष युगल जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरंड्डी ने अब तक टोक्यो ओलंपिक में अपनी जगह सुरक्षित की है। विमल ने कहा कि मुझे खेल समुदाय के लिये बुरा लग रहा है। वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाते हैं और आम जनता से इतर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी होती है। इसलिए मुझे लगता है कि सरकार को ओलंपिक में जगह बना चुके खिलाड़ियों के परीक्षण करके उन्हें अभ्यास की अनुमति देनी चाहिए।
The post राष्ट्रीय शिविर बंद, जारी रहेगी ओलंपिक की तैयारी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/38Xtbez
via Latest News in Hindi
0 Comments