अगले वर्ष 23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच होंगे ओलंपिक
टोक्यो, 30 मार्च (एजेंसी)
टोक्यो में सोमवार को ओलंपिक 2020 के कार्यकारी बोर्ड की बैठक के दौरान समिति के सीईओ तोशीरो मुटो के साथ बातचीत करते टोक्यो 2020 ओलंपिक गेम्स आयोजन समिति के अध्यक्ष (बाएं) योशीरो मोरी। -एएफपी
टोक्यो ओलंपिक अगले साल उसी समय होंगे, जिस समय इस साल होने वाले थे। टोक्यो ओलंपिक आयोजकों ने सोमवार को बताया कि उद्घाटन समारोह 23 जुलाई 2021 को होगा जबकि इस साल खेल उसी दिन शुरू होने वाले थे । पिछले सप्ताह अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति और जापान सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के कारण खेलों को 2021 तक टालने का फैसला किया। इस साल खेल 24 जुलाई से 9 अगस्त के बीच होने थे और अब एक साल बाद 8 अगस्त को समापन समारोह होगा। ऐसी भी अटकलें थी कि खेलों को बसंत के महीने में कराया जाये जब जापान में चेरी ब्लॉसम के खिलने का समय होता है। लेकिन उस समय यूरोपीय फुटबाल और उत्तर अमेरिकी खेल लीग होती है। टोक्यो आयोजन समिति के प्रमुख योशिरो मोरी और सीईओ तोशिरो मुतो ने कहा था कि नयी तारीखों पर खेलों के आयोजन की लागत बहुत अधिक होगी। स्थानीय रपटों के अनुसार यह लागत अरबों डॉलर बढ़ जायेगी और इसका बोझ जापान के करदाताओं पर पड़ेगा। मुतो ने लागत की गणना में पारदर्शिता बरतने का वादा किया। जापान आधिकारिक तौर पर ओलंपिक की मेजबानी पर 12.6 अरब डॉलर खर्च कर रहा है। जापानी सरकार के एक आडिट ब्यूरो ने हालांकि कहा कि लागत इसकी दुगुनी है।
The post अगले वर्ष 23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच होंगे ओलंपिक appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2w0OZIN
via Latest News in Hindi
0 Comments