किसानों के लिए देशभर में 10 हजार एफपीओ
प्रयागराज में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल। -प्रेट्र
चित्रकूट 29 फरवरी (एजेंसी)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश भर में 10 हजार किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि किसान अब तक उत्पादक था, अब एफपीओ के माध्यम से व्यापार भी करेगा, देश के किसानों की आय बढ़ाने के लिए, किसानों को सशक्त करने के लिए 10 हजार एफपीओ बनाने की योजना शुरू की गयी है। आदिवासी क्षेत्रों और चित्रकूट जैसे देश के 100 से ज्यादा ‘आकांक्षी जिलों’ में एफपीओ को अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा। हर ब्लॉक में कम से कम एक एफपीओ का गठन जरूर किया जाएगा।
मोदी ने कहा, ‘हम देश के अन्नदाता की चिंता करते हैं, उनकी बेहतरी के लिए सोचते हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य का फैसला हो या मृदा स्वास्थ्य कार्ड का, यूरिया की 100 फीसदी नीम कोटिंग हो, चाहे दशकों से अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करना हो, हर स्तर पर सरकार ने काम किया है।
मोदी ने कहा कि आपने दशकों में वो दिन भी देखे हैं, जब बुंदेलखंड के नाम पर, किसानों के नाम पर हजारों करोड़ के पैकेज घोषित होते थे, लेकिन किसान की जेब तक कुछ नहीं पहुंचाता था। उन्होंने कहा, ‘अब दिल्ली से निकलने वाली पाई-पाई उसके हकदार तक पहुंच रही है।
किसान की आय बढ़ाने के लिये 16 सूत्री कार्यक्रम बनाया गया है। सरकार का प्रयास है कि किसान को उसके खेत के कुछ किलोमीटर के दायरे में ही ऐसी व्यवस्था मिले, जो उसे देश के किसी भी मार्केट से जोड़ दे। आने वाले समय में ये ग्रामीण हाट कृषि अर्थव्यवस्था के नये केंद्र बनेंगे।’
‘जनजीवन बदलेगा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे’
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को चित्रकूट में करीब 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 296 किलोमीटर लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की बटन दबाकर आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे इस क्षेत्र के जन जीवन को बदलने वाला सिद्ध होगा। यहां रोजगार के कई अवसर लाएगा और यहां के सामान्य जन को बड़े-बड़े शहरों जैसी सुविधा से जोड़ेगा। उत्तर प्रदेश सरकार बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रही है, जो चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर और जालौन जिलों से गुजरेगा। यह एक्सप्रेस-वे बुंदेलखंड क्षेत्र को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और यमुना एक्सप्रेस-वे केसे जोड़ेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार एक्सप्रेस गति से काम कर रही है। उन्होंने कहा, यह संयोग ही है कि पिछले साल फरवरी में ही उत्तरप्रदेश रक्षा गलियारे का शिलान्यास करने के लिए उन्हें यहां आने का मौका मिला था और इस साल बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास हो रहा है।
The post किसानों के लिए देशभर में 10 हजार एफपीओ appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2I8c9iR
via Latest News in Hindi
0 Comments