सिल्वर स्क्रीन
ए. चक्रवर्ती
जमे रहना चाहती है रकुल
पिछले दिनों अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह की हिंदी फिल्म ‘मरजावां’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर औसत रही हो, लेकिन उनके काम की सर्वत्र तारीफ हुई है। अपने दस वर्ष के फिल्मी करिअर में साउथ की लगभग 25 फिल्मों में उन्होंने काम किया है। उनकी बातचीत से साफ लगता है, अब दिल्ली की इस लड़की का टार्गेट हिंदी फिल्में हैं। वह कहती हैं—हिंदी फिल्मों से मेरे दूर रहने का सवाल ही नहीं उठता। मैं इन दिनों भी काशवी नायर की अनाम हिंदी फिल्म के अलावा तमिल की ‘इंडियन-2’ की शूटिंग कर रही हूं। जो हिंदी में डब होकर रिलीज़ होगी। इसमें कमल हासन के साथ मैं काम कर रही हूं। अब तक मरजावां के अलावा रकुल ने ‘यारिया’ और ‘दे दे प्यार दे’ में भी काम किया है। वह बताती हैं—मुझे पहले यह बताया गया था कि हिंदी और साउथ की फिल्मों के मेकिंग स्टाइल में बड़ा फर्क है। मगर यहां आकर मुझे पता चला कि वह फर्क अब लगातार कम हो रहा है क्योंकि अब यहां भी एक निर्धारित रिलीज़ डेट को ध्यान में रखकर सारे लोगों को काम करना पड़ता है। मुझे तो सारे को-स्टार बहुत अनुशासित लगे। मुझे तो सिद्धार्थ मल्होत्रा और रितेश देशमुख भी बहुत को-ऑपरेटिव लगे। अजय देवगन जैसे सीनियर एक्टर के बारे में अभी मेरा ज्यादा कुछ कहना ठीक नहीं होगा। वह ग्रेट हैं। इस फिल्म में काम करने के दौरान मैंने उनसे और तब्बू जी से सिर्फ एक्टिंग की बारीकियां सीखी हैं।
तमन्ना की चाहत
अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने हाल ही में अपना 30वां जन्मदिन बहुत सादगीपूर्ण ढंग से मनाया। सर्वविदित है कि उनका फिल्मी करिअर 2005 में हिंदी फिल्म ‘चांद-सा रोशन’ से शुरू हुआ था, पर बाद में वह पूरी तरह से साउथ की फिल्मों की होकर रह गई। जहां तक हिंदी फिल्मों का सवाल है, 2017 की मूल तमिल-तेलुगू में बनी और हिंदी में डब की गई ‘बाहुबली’ ने हिंदी भाषी दर्शकों के साथ उनका परिचय नये सिरे से करवाया। पर बावजूद इसके हिंदी फिल्मों में उनकी कोई रफ्तार नहीं बढ़ी है। पिछले साल वह प्रभुदेवा के साथ हिंदी फिल्म खामोशी में नज़र आई, पर किसी को इसका पता ही नहीं चला। वह इन दिनों एक हिंदी फिल्म ‘बोले चूड़ियां’ में काम कर रही हैं, जिसमें उनके हीरो नवाजुद्दीन सिद्दीकी हैं।
बाइक सम्राट जाॅन अब्राहम
अपनी नई फिल्म ‘सत्यमेव जयते-2’ में अभिनेता जाॅन अब्राहम अपनी नयी मोटर बाइक को खूब दौड़ाते नज़र आएंगे। वैसे उनका बाइक प्रेम सर्वविदित है। हाल में उन्होंने अपने बाइक से भरे गैरेज का जमकर शो आॅफ भी किया। उन्होंने गत दिनों नया यामहा वाईजेएफ-आर1 बाइक खरीदा है। जाॅन जल्द ही एक ऐसी फिल्म में काम करने वाले हैं, जो आइल्स आॅफ मैन टीटी नामक बाइक रेस की पृष्ठभूमि पर बेस्ड है। वैसे जान मानते हैं कि व्यस्तता के चलते अब बाइक चलाने का मौका उन्हें कम ही मिलता है। वह कहते हैं—जो बच्चे बाइक चलाते हैं,वह मुझे बहुत पसंद करते हैं। चूंकि मेरा क्रेज़ कुछ ज्यादा है, मैं उनके लिए सेलिब्रिटी भी हूं। पर मैं उनसे एक ही गुज़ारिश करता हूं, बाइक चलाते समय उसकी गति पर अपना नियंत्रण न खोएं। तभी बाइक चलाने का मज़ा है।’
जोश में हैं अंकिता लोखंडे
19 दिसंबर 1984 को इंदौर में पैदा हुई अभिनेत्री अंकिता लोखंडे को कभी टीवी क्वीन कहा जाता था। पर आज टीवी से उनका रिश्ता न के बराबर रह गया है। कुछ दिनों पहले सलमान के शो ‘बिग बाॅस’ में वह अतिथि के तौर पर आई। 35 की हो चुकी अंकिता ने अब फिल्मों को अपनी पहली प्राथमिकता में रखा है। यही वजह मणिकर्णिका के एक साल बाद भी सिर्फ फिल्मों के सहारे ही बैठी रही। इस दौरान टीवी के कई अच्छे प्रोजेक्ट को उन्होंने लौटा दिया। अब जाकर वह जल्द अपनी दूसरी फिल्म ‘बागी-3’ की शूटिंग शुरू करेंगी। साजिद नाडियाडवाला की फ्रेंचाइज़ी की इस तीसरी फिल्म के निर्देशक अहमद खान हैं। अंकिता इस फिल्म के बारे में ज्यादा कुछ बताना नहीं चाहती। वह इतना ही बताती हैं कि वह इसमें सीमा नंदन नामक युवती का रोल कर रही हैं। फिल्म की नायिका श्रद्धा कपूर के साथ इस करेक्टर का गहरा रिश्ता हैं।
अपनी इमेज से खुश हैं रितेश
2019 के आखिर में आई फिल्म ‘मरजावां’ के उनके नेगेटिव रोल को दर्शकों ने ज्यादा नोटिस नहीं किया। मगर काॅमेडी उनके लिये ऑल टाइम हिट है। हाउसफुल-4 जैसी साधारण फिल्म में भी वह अपने पूरे रंग में नज़र आते हैं। इन दिनों ‘बागी-3’ में मुख्य अभिनेता टाइगर श्रॉफ के बड़े भाई की अहम भूमिका कर रहे रितेश कहते हैं—मैं सिर्फ अच्छे रोल करना चाहता हूं। हीरो या कुछ खास रोल करने की मेरी कोई इच्छा नहीं है। बस, मेरी पत्नी जेनेलिया का भी मानना है कि मैंने कई बेकार फिल्में की हैं। दो बच्चों के पिता रितेश का दांपत्य जीवन बहुत अच्छा है। उनकी पत्नी जेनेलिया के मुताबिक रितेश बहुत केयर करने वाला पति है। हमारी पहली फिल्म ‘तुझे मेरी कसम’ थी। इस फिल्म के सेट पर पहले दिन वह मुझे बात करने में एक संकोच महसूस कर रहा था। मैं ठहरी बहुत मिलनसार लड़की। इसलिए मैं ही उससे पूरी बेबाकी से मिली। बस, फिल्म की शूटिंग के दौरान हम अच्छे दोस्त बन गये। आज हम एक अच्छे कपल हैं।
दीया का डायरी प्रेम
इन दिनों अभिनेत्री दीया मिर्जा के पास न के बराबर फिल्में हैं। लेकिन उनकी सक्रियता में कोई कमी नहीं आई है। बकौल दीया—शूटिंग नहीं होती है तो मैं अपने कुछ अधूरे काम पूरा करने लगती हूं। अब जैसे कि मैं इन दिनों अपने फिल्म प्रोडक्शन को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रही हूं। इधर मैं अपने वेब सीरीज़ को लेकर भी बहुत गंभीर हूं। पर बहुत कम लोगों को पता है कि फुर्सत में दीया को गुपचुप ढंग से अपनी डायरी को मेंटेन करना ज्यादा अच्छा लगता है। इस डायरी में वह अपनी सारी निजी बातोें और गलतियों को खुलेमन से शेयर करती है। असल में बचपन से ही दीया काफी गुपचुप स्वभाव की रही हैं। उन्होंने तभी से अपने मन की बात को डायरी में शेयर करना शुरू कर दिया था। उनकी मां उस डायरी को पढ़कर ही उनकी खोज-खबर लेती थी। दीया अपने बैग में ही अपनी डायरी को लेकर घूमती है ताकि वह किसी के हाथ न लगे।
The post सिल्वर स्क्रीन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2QPWxES
via Latest News in Hindi
0 Comments