वकीलों ने तीसरे दिन भी कामकाज रखा ठप
नयी दिल्ली, 6 नवंबर (एजेंसी)
नयी दिल्ली के रोहिणी अदालत परिसर में बुधवार को प्रदर्शन करते वकील। -मुकेश अग्रवाल
दिल्ली की सभी 6 जिला अदालतों में वकीलों ने बुधवार को लगातार तीसरे दिन काम ठप रखा। प्रदर्शनकारी वकीलों ने वादियों को भीतर नहीं जाने दिया। दूसरी ओर इन अदालतों की सुरक्षा में तैनात पुलिस अब वहां जाने से कतराने लगी है। दिल्ली पुलिस मुख्यालय की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया है। रोहिणी जिला अदालत में प्रदर्शन के दौरान एक वकील ने खुद पर मिट्टी का तेल डाल लिया और आग लगाने की धमकी दी, जबकि एक अन्य प्रदर्शनकारी वकील परिसर में स्थित एक इमारत की छत पर चढ़ गया। दिल्ली में सभी जिला अदालतों की बार एसोसिएशनों की समन्यवय समिति के महासचिव धीर सिंह कसाना ने कहा, ‘भीतर कोई पुलिस अधिकारी नहीं है। वादियों की सुरक्षा जांच कौन करेगा। उनके बीच कुछ अपराधी भी हो सकते हैं।’
बता दें कि पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच तनाव के हालात शनिवार से बनने शुरू हो गए थे जब तीस हजारी अदालत में पार्किंग को लेकर हुई झड़प में 20 पुलिसकर्मी और कई वकील घायल हो गए थे। इसके बाद, सोमवार को साकेत अदालत के बाहर एक पुलिसकर्मी पर वकीलों के हमले की घटना हुई। पुलिसकर्मियों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया था।
इस बीच, बार कौंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि वकीलों, पुलिस और जनता से जुड़ी हिंसा की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। एक विज्ञप्ति में उन्होंने कहा, ‘पुलिस का प्रदर्शन राजनीति से प्रेरित लगता है। यह काला दिन था। बीसीआई ने दिल्ली के बार संघों से हड़ताल समाप्त करने को कहा था, लेकिन ‘दिल्ली पुलिस के आचरण’ को देखने के बाद वह मामले में हाथ पर हाथ धरे बैठी नहीं रह सकती है।’ इसमें कहा गया, ‘हम दोषी पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार करने की मांग करते हैं। नहीं तो हम धरना देंगे।’
वह फैसला सिर्फ 2 नवंबर के लिए
दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को स्पष्ट किया कि वकीलों पर सख्त कार्रवाई नहीं करने संबंधी 3 नवंबर का आदेश केवल तीस हजारी अदालत परिसर में पुलिस और वकीलों के बीच हुई झड़प को लेकर 2 नवंबर को दर्ज दो प्राथमिकियों के लिए है। इसके साथ ही चीफ जस्टिस डीएन पटेल और जस्टिस सी हरि शंकर की पीठ ने केंद्र की याचिका का निपटारा कर दिया। पीठ ने कहा, ‘पुलिस और वकील न्याय के सिक्के के दो पहलू हैं और न्याय का राज स्थापित करने के लिए दोनों को सौहार्दपूर्ण माहौल मे काम करें।’
अलवर कोर्ट में वकीलों ने सिपाहियों को पीटा
जयपुर : वकीलों ने बुधवार को राजस्थान के अलवर जिले की एक अदालत में हरियाणा पुलिस के एक हेड-कांस्टेबल और राजस्थान पुलिस के 3 कर्मियों से मारपीट की। वकीलों पर राजस्थान पुलिस की एक महिला कांस्टेबल और 2 पुरुष कांस्टेबलों तथा हरियाणा पुलिस के एक हेड-कांस्टेबल की पिटाई का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने बताया कि दिल्ली मामले पर बहस के दौरान वारदात हुई।
The post वकीलों ने तीसरे दिन भी कामकाज रखा ठप appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2WPFpl3
via Latest News in Hindi
0 Comments