विमान के शौचालय से मिला 2 करोड़ का सोना
चेन्नई/मंगलुरु, 6 नवंबर (एजेंसी)
सीमा शुल्क अधिकारियों ने यहां दुबई से आए एअर इंडिया के विमान के पिछले शौचालय से 2.24 करोड़ रुपये मूल्य की सोने की छड़ें बरामद की हैं। इस संबंध में जारी एक बयान के अनुसार गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए यहां मंगलवार को सीमा शुल्क अधिकारियों ने विमान की तलाशी ली।
बयान में कहा गया कि तलाशी के दौरान विमान के पिछले शौचालय में काले टेप में लिपटे हुए चार बंडल मिले। बंडलों में विदेशी चिह्न वाली सोने की 48 छड़ें बरामद हुईं जिनका वजन 5.6 किलोग्राम है। इनकी कीमत 2.24 करोड़ रुपये बताई जाती है। सीमा शुल्क अधिनियम के तहत मामले में जांच जारी है।
15 लाख का सोना और सिगरेट बरामद : मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पिछले 2 दिन में दो अलग-अलग घटनाओं में 15 लाख का सोना और सिगरेट बरामद किए गए जो दुबई से तस्करी कर लाए गए थे। एक प्रेस बयान के अनुसार दुबई से एक यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान से आया था और वह खिलौने में 252.98 ग्राम सोना छिपाकर लाया था। पुलिस ने 9.65 लाख रुपए मूल्य का यह सोना जब्त कर लिया। दूसरी घटना में दुबई से स्पाइस जेट विमान से आए एक यात्री से विभिन्न ब्रांडों की सिगरेट जब्त की गयी जिसका मूल्य 6.23 लाख रुपए है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
The post विमान के शौचालय से मिला 2 करोड़ का सोना appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2NQ9P2j
via Latest News in Hindi
0 Comments