रेणु खंतवाल

अर्जुन ने खरीदा मुंबई में मकान
अर्जुन बिजलानी छोटे परदे के चहेते सितारे हैं। इन दिनों वे कलर्स के शो ‘डांस दीवाने’ में होस्टिंग करते हुए नज़र आ रहे हैं। माधुरी दीक्षित के प्रति उनकी दीवानगी और माधुरी को रिझाने के लिए वे जो भी कोशिश करते हैं लोगों को वह सब देखना बहुत अच्छा लगता है। हर सितारे का यह ख्वाब होता है कि उसका मुंबई में एक मकान हो। अब खबर है कि अर्जुन ने भी पिछले दिनों मुंबई में एक मकान खरीदा है, जिसमें इन दिनों रेनोवेशन का काम चल रहा है। अर्जुन ने बताया कि उनकी मां ने उन्हें और उनके भाई को बहुत संघर्ष करके पाला है अब हमारी बारी है कि हम अपनी मां को जितना हो सके उतनी खुशियां दें। सही बात कही अर्जुन। बच्चों को सफल बनाने में माता-पिता अपनी पूरी जिंदगी लगा देते हैं। बच्चों की तरक्की में अपनी खुशी देखते हैं।

अपने हुनर को खुद निखारा
आपने बॉस्को मार्टिस का डांस तो देखा ही होगा। और उनके कोरियोग्राफ किए गए गानों से भी आप परिचित होंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बॉस्को और सीज़र की जोड़ी ने कभी किसी डांस गुरु से डांस नहीं सीखा? हां, यह बात सच है। शाहरुख खान, ऋतिक रौशन, करीना कपूर जैसे बड़े-बड़े स्टार्स को कोरियोग्राफ करने वाले बॉस्को और सीज़र ने कभी किसी डांस क्लास जाकर डांस नहीं सीखा। अपना डांस स्टाइल उन्होंने खुद विकसित किया है। इस बात का खुलासा हाल ही में बॉस्को से हुई बातचीत में उन्होंने किया। बॉस्को और सीज़र दोनों सच में प्रेरणा हैं, खासतौर पर उन लोगों के लिए जो पैसों और सुविधाओं के आभाव में किसी गुरु से विधिवत डांस की शिक्षा नहीं ले पाते। इनका करिअर बताता है कि सफल होने के लिए खुद की मेहनत और लगन कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

दिव्या का अध्यात्म
दिव्या दत्ता अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। टीवी पर अक्सर रोज ही किसी न किसी विज्ञापन में नज़र भी आ जाती हैं। हाल ही में गौर गोपाल दास की किताब ‘जीवन के अद‍्भुत रहस्य’ के लॉन्च और पुस्तक चर्चा के लिए दिल्ली आईं दिव्या दत्ता ने बताया कि जब से उन्होंने गौर गोपाल दास के आध्यात्मिक वीडियो सुने तब से उनका आध्यात्मिक की ओर रुझान हो गया। दिव्या ने बताया कि जब मैं प्रवचन सुन रही थी मुझे लग रहा था जैसे गुरुजी मेरे ही मन में उठने वाले प्रश्नों का जवाब दे रहे हैं। दिव्या ने बताया कि अगर इंसान अपने काम के साथ-साथ अपने आध्यात्मिक ज्ञान को भी बढ़ाता रहे तो जीवन में तनाव के स्तर को कम किया जा सकता है। आपकी बात में दम है दिव्या। अध्यात्म की लौ व्यक्ति को सही दिशा में आगे बढ़ाने का काम करती है।

The post खबर है appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Y8vzOV
via Latest News in Hindi

0 Comments