अक्सर ऐसा होता है कि कुछ मीठा खाने का मन करता है और आपको समझ में नहीं आता कि क्या बनाया जाए। अगर आप भी कुछ मीठा व टेस्टी बनाना चाहती हैं तो एक बार छेना टोस्ट बनाकर देखिए। इस बंगाली स्वीट डिश का स्वाद ही बेहद लाजवाब होता है और इसे आप बेहद आसानी से बना भी सकती हैं। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का तरीका-
छेना टोस्ट के बनाने के लिए पहले फुल क्रीम मिल्क से पनीर बनाएं। पनीर बनाने के लिए गैस पर किसी बड़े बर्तन में दूध को छानकर गर्म होने दें। ध्‍यान रखें कि दूध को लगातार चलाते रहे, जब तक कि दूध में उबाल ना आ जाए। जब दूध में उबाल आ जाए तो गैस बंद कर दें और इसमे नींबू का रस डालें और अच्छे से से मिला लें और छेना बना लें। अब इस छेना को मलमल के कपड़े से छान लें और ऊपर से थोड़ा ठंडा पानी मिलाकर अच्छे से छान लें ताकि छेने से नींबू का स्वाद खत्म हो जाए। अब कपड़े को अच्छे से दबाकर पानी निकाल दें। अब इस कपड़े सहित इस छेने को किसी वजनदार चीज से पद्रंह मिनट तक दबाकर रखें।

अब पनीर को कपड़े से निकालें और उसमें अरारोट और खाने वाला पीला रंग मिलाकर अच्छी मसलकर चिकना कर लें। आप पनीर को जितना ज्यादा मैश करेंगें उतने ही स्पंजी छेना टोस्ट बनेंगें। पनीर को करीब पांच मिनट तक मैश करें ताकि यह बिल्‍कुल गूंथे हुए मैदा जैसा हो जाए।

अब मैश किये हुये पनीर से थोड़ा-थोड़ा पनीर निकालकर इसके छोटे-छोटे गोले बना लें।
अब चाशनी बनाने के लिए एक प्रेशर कुकर में चीनी, इलाइची पाउडर और पानी डालें और गैस पर गर्म होने दें। जब चीनी मेल्ट हो जाए और चाशनी में उबाल आ जाए तो पनीर के इन छोटे-छोटे गोलों को इस उबलती हुई चाशनी में डालें और प्रेशर कुकर का ढक्कन बंद कर दें और एक सीटी आने के बाद गैस को धीमा कर दें और धीमी आंच पर करीब दस मिनट तक के लिए पकाएं।

अब गैस बंद कर दें और प्रेशर कुकर का प्रेशर खत्म होने पर कुकर का ढक्क्न खोलकर छेना टोस्ट को चाशनी सहित एक बड़ी बाउल में निकाल लें और फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें।

छेना टोस्ट के ऊपर लगाने के लिये टॉपिंग तैयार करने के लिए खोया को अच्छी तरह से मैश करके एक बड़ी बाउल में निकाल लें और अब इसमें बूरा, इलाइची पाउडर, कटे हुए पिस्ते और कटे हुये बादाम डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। टॉपिंग का मिक्सचर बनकर तैयार है।

तैयार है आपकी टेस्‍टी छेना टोस्ट। अब छेना टोस्ट को चाशनी से निकाल कर एक प्लेट में रखें और सभी छेना टोस्ट को बीच में से दो हिस्सों में काट लें। अब एक छेना टोस्ट के ऊपर एक चम्मच की मदद की से टॉपिंग का मिक्सचर फैला दें और ऊपर से केसर, पिस्ता और बादाम के टुकड़ों को डालकर गार्निश करें।



from लाइफस्टाइल – Navyug Sandesh http://bit.ly/2XOEL71
via Latest News in Hindi

0 Comments