सिरसा, 8 मार्च (निस)
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं और कल्याणकारी नीतियों के चलते प्रदेश बेटियों को कोख में मारने के कलंक से अब मुक्त हो गया है। नड्डा रविवार को रानियां विधानसभा क्षेत्र के गांव खारियां में हरियाणा के बिजली मंत्री व रैली के संयोजक चौ. रणजीत सिंह द्वारा आयोजित प्रगति रैली को संबोधित कर रहे थे।
नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिना भेदभाव के काम किए हैं, उन्हीं कामों की बदौलत जनता ने भाजपा को दोबारा सत्ता दी है। प्रगति रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 50 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया और रानियां विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 215 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी।
रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 6 करम के ऊपर रास्तों को लोक निर्माण विभाग बनाएगा जो 1500 किलोमीटर लंबी हैं, जबकि 5 करम से छोटी सड़कों को मार्केटिंग बोर्ड द्वारा बनाया जाएगा, जो 1300 किलोमीटर लंबी है। उन्होंने कहा कि बिजली मंत्री रणजीत सिंह द्वारा सुझायी गयी सभी योजनाओं पर 215 करोड़ की लागत आएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, कृषि मंत्री जेपी दलाल, फतेहाबाद के दूड़ा राम ने भी रैली को संबोधित किया। इस अवसर पर संजय भाटिया, सुनीता दुग्गल, जोगी राम सिहाग, विनोद भ्याना, विधायक लक्ष्मण नापा, जिला अध्यक्ष यतिन्द्र सिंह एडवोकेट, पवन बेनीवाल सहित अनेक नेता उपस्थित थे।

The post सीएम ने बिना भेदभाव काम किये तभी सत्ता दोबारा मिली : नड्डा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2PWiSk8
via Latest News in Hindi

0 Comments