मुंबई, 2 मई (एजेंसी)
हाथ में गिलास और चेहरे पर मुस्कान। दुनिया छोड़ चुके दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर की यह तस्वीर शनिवार को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए उनकी पत्नी नीतू सिंह ने लिखा, ‘हमारी कहानी खत्म हुई।’ नीतू की इस मार्मिक श्रद्धांजलि पर हजारों प्रतिक्रियाएं आयीं। अभिनेता अनुपम खेर ने लिखा, ‘कुछ कहानियां कभी खत्म नहीं होतीं।’ लेखिका भावना सोमैया ने लिखा, ‘नीतू ऐसा न कहें, यह एक सीन खत्म हुआ है, एक चैप्टर खत्म हुआ है, चिंटू यही चाहते कि आप पूरे दिल से जीयें…।’ सुनीत कपूर ने भी नीतू को ढाढस बंधाते हुए कहा, ‘आपके पास अद‍्भुत प्रेम कहानी है अौर कई खूबसूरत यादे हैं।’ अभिनेता सोनू सूद ने कहा, ‘ये वो कहानी है जिसने इस धरती पर कई कहानियों को प्रेरित किया। कुछ कहानियां कभी खत्म नहीं होतीं, बल्कि हमारे दिलों में हमेशा रहेंगी।’ इसी तरह अभिनेत्री प्राची देसाई ने कमेंट किया, ‘एक मैं और एक तू, हमेशा और सदा के लिए।’
ऋषि कपूर ने दो साल तक रक्त कैंसर (ल्यूकेमिया) से लड़ने के बाद बृहस्पतिवार सुबह आखिरी सांस ली थी। बॉलीवुड के पर्दे और पर्दे से इतर सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली जोड़ियों में से एक, ऋषि और नीतू कपूर की जोड़ी थी। दोनों सबसे पहले 1974 में आई फिल्म ‘जहरीला इंसान’ के सेट पर मिले थे, जिसके बाद वे अच्छे दोस्त बने। इसके बाद उनकी जोड़ी रफ्फू चक्कर, खेल खेल में, कभी कभी, दूसरा आदमी और अमर अकबर एंथनी जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में दिखाई दी। दिल्ली में सगाई करने के बाद, दोनों ने 1981 में मुंबई में शादी की थी। फिल्मों की दूसरी पारी में, ऋषि कपूर नीतू के साथ ‘दो दूनी चार’ और ‘बेशरम’ जैसी फिल्मों में नजर आये।
अमिताभ ने जताया दुख
अभिनेता अमिताभ बच्चन ने इरफान खान के निधन को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि एक अभिनेता के रूप में उनकी असीमित क्षमताएं सामने आनी अभी बाकी थीं। अमिताभ ने ऋषि कपूर के देहांत पर भी गहरा दुख जताया। उन्होंने एक वरिष्ठ अभिनेता और एक युवा अभिनेता को खोने पर अपने अहसास जाहिर किये।

The post नीतू सिंह ने कहा- हमारी कहानी खत्म, जवाब आया-कुछ कहानियां कभी खत्म नहीं होतीं appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Wp2E5y
via Latest News in Hindi

0 Comments