श्रद्धापूर्वक किया होलिका पूजन
यमुनानगर, 9 मार्च (हप्र)
होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान महिलाओं ने विधि विधान के साथ होलिका को धागा बांधकर पूजा-अर्चना की। शाम को होलिका दहन किया गया। दिनभर होली पूजन के लिए महिलाओं की भीड़ लगी रही। सोमवार सुबह होते ही महिलाएं टोलियां बनाकर शहर के विभिन्न चौराहों पर बनी होलिका पर पहुंचनी शुरू हो गई थी। इस दौरान महिलाओं ने होलिका पर धागा बांधा और माथा टेक कर बच्चों तथा अपने परिजनों की लंबी आयु की मन्नतें मांगीं। कई महिलाएं अपने रिश्तेदारों के साथ मन्नत पूरी होने के बाद ढोल धमाकों के साथ होलिका पूजन के लिए पूजा करने के लिए पहुंची। होलिका पूजन मुख्य रूप से रेलवे स्टेशन चौक, माडल टाउन चौक, विश्वकर्मा चौक, तीर्थ नगर, आईटीआई चौक, कमानी चौक, हमीदा चौक, मूंडा माजरा चौंक, बैंक कालोनी के अलावा अन्य जगहों पर विधि विधान के साथ किया गया।
जगाधरी (निस) : सोमवार को जगाधरी आदि इलाकों में होलिका का पर्व श्रद्धा से मनाया गया। जगाधरी, बूडि़या, दादुपुर, खारवन, खदरी, देवधर, लाकड़, मांडखेड़ी, पंजेटो, मानकपुर, मुंडाखेड़ा, अमादलपुर, दड़वा, नयागांव, सुघ, शहजादपुर, कनालसी आदि इलाकों में जगह-जगह होलिका पूजन हुआ। श्रद्धालुओंं विशेषकर महिलाओं ने व्रत रखकर होलिका की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। पंडित श्रीराम, संजय कुमार, दिनेश आदि का कहना है कि होलिका पूजन पर सच्चे दिल से मांगी गई मन्नत पूरी होती है। यहां यह बता दें कि ग्रामीण क्षेत्र के ज्यादातर गांवों में होली का पूजन होता है, लेकिन दहन नहीं होता।
नरवाना (अस) : श्रीरामा भारतीय कला केन्द्र द्वारा हूडा मैदान में होलाष्टक कार्यक्रम का समापन सोमवार को होलिका दहन के साथ किया गया। पं.मेहरचंद पुजारी द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ होलिका को अग्रि दी गई। नागरिकों के सहयोग से होलिका पर्व धूमधाम से मनाया गया। कला केंद्र के प्रचार सचिव अचल मित्तल ने बताया कि इस प्रकार का आयोजन नरवाना में पहली बार आयोजित किया गया। प्रात:काल से ही होलिका की पूजा अर्चना करने के लिए महिलाओं की भीड़ दिन भर उमड़ी रही। कार्यक्रम में कला केंद्र के कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रकार के धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन किया गया। होलिका-प्रह्लाद का नाटक सबके आकर्षण का केंद्र रहा।
उकलाना मंडी (एस) : होली का पर्व शहर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शाम के समय होलिका की परिक्रमा कर महिलाओं ने पूजन किया। फाल्गुन मास की पूर्णिमा से एक दिन पूर्व तक होलिका को फूंस पत्ती, लकड़ी, उपले लगाकर विशाल रूप दिया जाता है। होली रखते ही महिलाएं रात्रि में होली के गीत भी गाती हैं। महिलाओं के साथ बच्चों में भी त्यौहार को लेकर अलग ही उत्साह नजर आया। शाम तक होली पूजन चलता रहा।
घरौंडा (निस) : ‘मुझे एक जरुरी काम कान्हा कहां मिलेंगे’ के भजन पर होली पूजन कार्यक्रम में उपस्थित दर्शक खूब झूमे। सनातन संस्कृति के सबसे बड़े पर्वो में शामिल होली पूजन का त्यौहार भक्ति भाव व हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। देवी मन्दिर ग्राउंड में लगाईं गई होली की परिक्रमा करते हुए महिला श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों की दीर्घायु व अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर होलिका दहन समिति के द्वारा पंचम होली दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। होली समारोह में मुख्यमंत्री के ओएसडी सतीश कुमार बतौर मुख्याथिति शामिल हुए।
शाहाबाद मारकंडा (निस) : शहर में आज कईं स्थानों पर होली का दहन किया गया। सबसे ज्यादा भीड़ मौहल्ला माजरी, मौहल्ला खत्तरवाडा तथा सब्जी मंडी, गगन चौक के नजदीक देखी गई। पंडित अनिल शास्त्री ने पूजन करवाया। यहां होलिका दहन के लिए लकड़ियों पर रंग-बिरंगे कपड़े एवं धागे बांधे गए थे।
क्लब ने मनाया होली-मिलन समारोह
कुरुक्षेत्र (हप्र) : लाडवा के विधायक मेवा सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज का आइना होता है। मीडिया द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए सरकार न केवल संज्ञान लेती है, बल्कि जन समस्याओं के हल के लिए पूरी तरह तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि आह्वान किया कि पत्रकार को व्यूज की बजाय न्यूज पर जोर देना चाहिए। वे सोमवार को यूथ होस्टल पिपली में मीडिया वेलफेयर क्लब द्वारा आयोजित होली-मिलन समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी ने की। कांग्रेस नेता सुरेंद्र सैनी भिवानीखेड़ा एवं समाजसेवी सुधीर चुघ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मंच संचालन डॉ. आबिद अली ने किया। समारोह में पहुंचने पर लाडवा विधायक मेवा सिंह तथा जिला परिषद चेयरमैन के चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी का क्लब के संरक्षक जयनारायण शर्मा, अध्यक्ष बाबूराम तुषार, उपाध्यक्ष अशोक यादव, दीपक शर्मा, महासचिव देवीलाल बारना और सुशील शर्मा ने फूलमालाओं से स्वागत किया।
सांसद ने खेली फूलों की होली
नारायणगढ़ (निस) : कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी ने गांव मिर्जापुर माजरा स्थित अपने निवास पर होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें भारी संख्या में भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य पदाधिकरियों ने भाग लिया। होली मिलन कार्यक्रम में सांसद नायब सैनी एवं उनकी पत्नी सुमन सैनी ने सभी लोगों को होली के पर्व की शुभकामनाएं दी। सांसद सैनी ने कहा कि त्यौहारों को आपस मे मिल जुलकर मनाना चाहिए। इससे आपसी प्रेम और भाई-चारा बढ़ता है। इस अवसर पर सांसद नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं के साथ पुष्प होली भी खेली।
फाग की पूर्व संध्या पर होलिका दहन
कैथल (हप्र) : जिले भर में फाग की पूर्व संध्या पर होलिका दहन का कार्यकर्म किया गया। हुड्डा सेक्टर 19 में शाम के समय भरी संख्या में पुरुष और महिलाएं होलिका दहन स्थल पर इकट्ठा हुए। उन्होंने बड़ी श्रद्धा और उत्साह से पूजा अर्चना की और एक दूसरे को बधाई देते हुए गुलाल लगाया। इस अवसर पर लोगों ने डीजे की थाप पर डांस किया और आतिशबाजी चलाई। भाजपा नेता एवं समाजसेवी प्रयाग राज बालू में बताया कि हर वर्ष होलिका दहन का कार्यकर्म उत्साह से मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रमोद गर्ग, विश्वेश गोयल, नवीन मल्होत्रा, पंकज अादि मौजूद थे।
संगठन ने मदर टेरेसा आश्रम के विशेष बच्चों संग मनाया पर्व
पानीपत (एस) : समाज सेवा संगठन के सदस्यों द्वारा होली का पर्व मदर टेरेसा आश्रम के विशेष बच्चों के साथ मनाया गया। संगठन के अध्यक्ष प्रवीन जैन ने बताया कि होली पर्व पर संगठन के कार्यालय अग्रवाल मंडी में पहले बच्चों के लिए भंडारे का प्रसाद बनाया गया और बाद में मदर टेरेसा आश्रम में प्रसाद बच्चों में वितरित किया गया। जैन ने बताया कि बहुत से लोग होटलों में पार्टी करते हैं, लेकिन अगर हम जरूरतमंदों के बीच जाकर त्यौहार मनाते हैं तो एक तो इन बच्चों की सेवा होती है और दूसरे इन बच्चों को भी त्यौहार दूसरे लोगों के साथ मनाने पर खुशी होती है। इस अवसर पर गुलशन कटारिया, काजल जैन, मनीष गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
बच्चों से अपील, पानी बचायें और फूलों से खेलें होली
इन्द्री (निस) : गांव नन्हेडा़ स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में होली पर्व पर शहीद उधमसिंह पार्क में पौधारोपण-पौधापोषण अभियान सरपंच ममता काम्बोज की अध्यक्षता में चलाया गया और बच्चों से पानी बचाने तथा फाग के अवसर पर फूलों के साथ होली मनाने की अपील की गई। पौधारोपण-पौधापोषण अभियान में सरपंच प्रतिनिधि बलिन्द्र काम्बोज, स्कूल मुखिया महिन्द्र खेडा़ ,वरिष्ठ अध्यापक उधमसिंह, मास्टर धर्मराज गांधी तथा ग्रामीण सुरेश ने सेब, गलगल, आडू व बादाम के पौधे रोपकर पंचायत द्वारा मुहैया कराए गए ट्री गार्ड लगाए। अभियान में शामिल बच्चों को प्रेरित करते हुए सरपंच ममता काम्बोज ने कहा कि हवा व पानी जीवन का आधार हैं,मनुष्य के पास इन प्राकृतिक संसाधनों का कोई विकल्प नहीं हैं। इस मौके पर स्कूल मुखिया महिन्द्र खेड़ा ने पंचायत के सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
The post श्रद्धापूर्वक किया होलिका पूजन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3cJwMzT
via Latest News in Hindi
0 Comments