बाल-बाल बचा वायुसेना का जगुआर विमान
अंबाला, 24 अप्रैल (निस)
अंबाला छावनी वायु सेना केंद्र का लड़ाकू विमान आज तड़के क्रैश होते हुये बाल-बाल बच गया। पायलट ने विमान के दो तेल के खाली टैंकों को वायु सेना केंद्र से कुछ ही दूरी पर खाली खेतों में गिरा दिया। इन टैंकों के गांव रौलां के शमशान घाट के पास गिरने से हडक़ंप मच गया। अंबाला पुलिस के अलावा कुछ ही देर में वायुसेना केंद्र की टीम ने आकर लोगों को समझाया।
हुआ यूं की आज तड़के करीब चार बजकर 8 मिनट पर जगुआर विमान ने अपनी अभ्यास उड़ान भरी। अंबाला छावनी वायु सेना केंद्र की हवाई पट्टी से जैसे ही यह विमान हवा में आगे की ओर बढ़ा तो पायलट को इस जहाज की उड़ान में कमी नजर आई। उसने तभी एयर ट्रेफिक कंट्रोल के माध्यम से जहाज में कमी का जिक्र किया। महज तीन मिनट की इस पूरी उड़ान में तकनीकि दस्ते ने जहाज का वजन कम करने की सलाह दी। जिसके चलते पायलट ने एक खाली स्थान देखकर उसके दोनों स्पेयर खाली फ्यूल टैंकों को जमीन पर गिरा दिया और जहाज को वापस रन वे पर जाकर उतार दिया। मौके पर आसपास के गांवों के लोग भी जमा हो गये। वारंट अफसर राजीव रंजन वायुसेना की टुकड़ी के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझाया। रंजन ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच की जायेगी।
The post बाल-बाल बचा वायुसेना का जगुआर विमान appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2GxNRxw
via Latest News in Hindi
0 Comments